Siddharthnagar News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 331 जोड़े बने हमसफर, सांसद ने नव-विवाहितों को नौकरी दिलाने का किया वादा

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पास स्थित विशाल प्रांगण आज खुशियों और उत्सव का गवाह बना। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत यहाँ आयोजित एक भव्य समारोह में 331 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम की सबसे खूबसूरत बात सर्वधर्म समभाव रही, जहाँ हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध धर्म के जोड़ों ने अपने-अपने रीति-रिवाजों के साथ जीवन की नई पारी की शुरुआत की।

सर्वधर्म समभाव की मिसाल

समारोह में विविधता और एकता का अनूठा संगम देखने को मिला।

हिंदू समुदाय: 238 जोड़ों ने मंत्रोच्चार और अग्नि के फेरे लेकर सात जन्मों का साथ निभाया।

बौद्ध समुदाय: 74 जोड़ों का विवाह उनके धर्मानुसार परंपराओं के साथ संपन्न हुआ।

मुस्लिम समुदाय: 19 जोड़ों का निकाह मौलानाओं द्वारा मुकम्मल कराया गया।

मुख्य अतिथि और डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल ने नव-दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि परिवार की जिम्मेदारी निभाने के लिए रोजगार जरूरी है, इसलिए जिला प्रशासन के माध्यम से इन जोड़ों को नौकरी और प्लेसमेंट दिलाने में मदद की जाएगी। जो लोग कंप्यूटर, उद्योग या प्रसिद्ध ‘काला नमक चावल’ क्षेत्र में काम करना चाहते हैं, उन्हें ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।

Siddharthnagar News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 331 जोड़े बने हमसफर, सांसद ने नव-विवाहितों को नौकरी दिलाने का किया वादा

सरकार की ओर से मिली आर्थिक और भौतिक सहायता

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर सरकार की ओर से उदारतापूर्वक खर्च किया गया है।

नकद सहायता: प्रत्येक वधू के बैंक खाते में 60,000 रुपये सीधे (DBT) भेजे गए।

उपहार सामग्री: 25,000 रुपये की लागत से घर गृहस्थी का जरूरी सामान जैसे- चांदी के पायल, बिछिया, डिनर सेट, कुकर, सीलिंग फैन, प्रेस, गद्दा-कंबल, ट्राली बैग और वैनिटी किट दिए गए।

पौष्टिक उपहार: नव-विवाहितों को बादाम, अखरोट, मखाना और किशमिश जैसे सूखे मेवे भी भेंट किए गए।

विधायक श्यामधनी राही, विनय वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिससे वे बिना किसी आर्थिक बोझ के सम्मान के साथ अपने घरों से विदा हो रही हैं।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: Lucknow News: ‘पंडित’ शब्द पर बवाल के बाद एक्शन में सीएम योगी, सभी भर्ती बोर्ड अध्यक्षों को दिए निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.