Lucknow News: सपा नेता सोनू कनौजिया के रिसॉर्ट से 88 सिलेंडर बरामद, पत्नी और 4 अन्य के खिलाफ FIR दर्ज

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के मोहन रोड पर स्थित एक नामी रिसॉर्ट में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण का भंडाफोड़ हुआ है। जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से समाजवादी पार्टी के नेता सुरेंद्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया के ‘अभिनंदन रिसॉर्ट’ पर छापेमारी की। इस दौरान वहां से 88 गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिन्हें लेकर इलाके में हड़कंप मच गया है।

जिला पूर्ति विभाग को लगातार सूचना मिल रही थी कि मोहन रोड के अभिनंदन रिसॉर्ट में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। जब टीम ने वहां दबिश दी, तो नजारा चौंकाने वाला था।

कुल बरामदगी: कुल 88 गैस सिलेंडर मिले।

घरेलू सिलेंडरों का भंडार: बरामद सिलेंडरों में 14.2 किलो वाले 74 घरेलू सिलेंडर शामिल हैं।

खाली और भरे सिलेंडर: कुल 88 में से 75 सिलेंडर खाली पाए गए, जबकि बाकी भरे हुए थे।

सपा नेता की सफाई और पुलिस की कार्रवाई

सोनू कनौजिया मलीहाबाद विधानसभा क्षेत्र से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। उनकी पत्नी मंजू कनौजिया के नाम पर ‘असीम भारत गैस एजेंसी’ है। सोनू कनौजिया का दावा है कि ये सिलेंडर उनकी एजेंसी के ही हैं। उन्होंने दलील दी कि गोदाम का रास्ता खराब होने की वजह से सुरक्षा के लिहाज से सिलेंडरों को रिसॉर्ट में रखा गया था।

हालांकि, पुलिस ने इन तर्कों को दरकिनार करते हुए काकोरी थाने में ‘आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955’ की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एफआईआर में सपा नेता, उनकी पत्नी मंजू, गाड़ी मालिक जमील अहमद, साहिल, मुन्ना और इक्त्दा के नाम शामिल हैं।

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में जारी तनाव की वजह से देश भर में एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस संकट का फायदा उठाकर कई लोग सिलेंडरों की जमाखोरी और मनमाने दामों पर कालाबाजारी कर रहे हैं। योगी सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि इस मुश्किल समय में जनता को परेशान करने वाले कालाबाजारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read: निर्वाचन आयोग का बड़ा एक्शन, सिद्ध नाथ गुप्ता बने नए बंगाल के DGP, अजय कुमार नंद को मिली कोलकाता पुलिस की कमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.