मुख्यमंत्री युवा योजना से बदली तकदीर, लखनऊ की खुशी बनीं महिला उद्यमिता की नई पहचान

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से योगी सरकार युवाओं को ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण प्रदान कर स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इस योजना के जरिए युवाओं के सपनों को नया आयाम मिल रहा है और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

खुशी ने साकार किया उद्यमी बनने का सपना

लखनऊ की रहने वाली खुशी गुप्ता ने इस योजना का लाभ उठाकर अपने उद्यमी बनने के सपने को साकार किया है। ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने न सिर्फ ब्यूटी बिजनेस में अपनी अलग पहचान बनाई, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी बन गई हैं।

ग्लैम हाउस के जरिए बनाई अलग पहचान

खुशी गुप्ता ने बताया कि वे बीए एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं और मेकअप व ब्यूटी पार्लर के क्षेत्र में उनकी विशेष रुचि रही है। उन्होंने इस क्षेत्र में प्रोफेशनल कोर्स भी किया। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बैंक से संपर्क किया और एक सप्ताह का उद्यमिता प्रशिक्षण लिया। इसके बाद उन्हें 4.5 लाख रुपये का ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण प्राप्त हुआ। इस वित्तीय सहायता से उन्होंने सैलून का इंटीरियर तैयार कराया और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की। वर्ष 2025 में लखनऊ के खुर्रम नगर क्षेत्र में ‘ग्लैम हाउस’ के नाम से यूनिसेक्स सैलून, स्टूडियो और एकेडमी की शुरुआत की।

अन्य महिलाओं को भी दे रहीं रोजगार

आज खुशी गुप्ता अपने व्यवसाय के जरिए हर महीने लाखों रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। इसके साथ ही वे अन्य महिलाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रही हैं, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

प्रदेश में युवा बन रहे आत्मनिर्भर

योगी सरकार ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के तहत 21 से 40 वर्ष तक के युवाओं को व्यापार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर दे रही है। योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। खुशी गुप्ता जैसी हजारों महिलाएं सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं और अपनी अलग पहचान बना रही हैं।

 

Also Read: Siddharthnagar News: मनरेगा मजदूरी और मानदेय भुगतान को लेकर कांग्रेस ने घेरा विकास भवन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.