Kerala Assembly Elections के लिए कांग्रेस ने जारी की पहली उम्मीदवारों की लिस्ट, 55 नाम घोषित
Sandesh Wahak Digital Desk: आगामी विधानसभा चुनाव (Kerala Assembly Elections) को लेकर सभी राजनीतिक दल पूरी तरह तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस ने मंगलवार, 17 मार्च को पहली उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है, जिसमें कुल 55 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने इस लिस्ट में 20 मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया है।
मुख्य उम्मीदवार और मौजूदा विधायक
लिस्ट में सीडब्ल्यूसी सदस्य रमेश चेन्निथला को हरिपद से उतारा गया है, वहीं विपक्ष के नेता वी.डी. सतीसन को परवूर से टिकट दिया गया है। केरल प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ को पेरावूर से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी के बेटे चांडी ओम्मन को पुथुपल्ली से मैदान में उतारा गया है, जो वर्तमान में यहां से विधायक हैं। लिस्ट में रमेश चेन्निथला, राम्या हरिदास और के मुरलीधरन को क्रमशः हरिपद, चिरयिनकीझु और वट्टियूरकावु सीट से टिकट दिया गया है।
सीईसी ने दी मंजूरी
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने मंगलवार को ही केरल के लिए इन उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई थी। इसके साथ ही पार्टी ने प्रणव वच्छराजानी और विपिन यादव को केरल कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की आगामी चुनाव संबंधी गतिविधियों के समन्वय के लिए नियुक्त किया है।

चुनाव तिथियां और प्रक्रिया
चुनाव आयोग ने 14 मार्च को केरल विधानसभा चुनाव (Kerala Assembly Elections) की तिथियों का ऐलान किया था। राज्य में 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा और मतगणना 4 मई को की जाएगी। अधिसूचना 16 मार्च को जारी होगी, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च होगी और 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च है। केरल में कुल मतदाताओं की संख्या 2.70 करोड़ है।
कार्यकाल और पिछले चुनाव का प्रदर्शन
केरल विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 23 मई 2026 को समाप्त होने वाला है। 2021 के विधानसभा चुनाव (Kerala Assembly Elections) में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) ने 140 सीटों में से 99 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जिसने पार्टी के प्रभाव को मजबूत किया था।

