Kushinagar News: बुढ़ापे का सहारा बनेगी ‘पेंशन योजना’, 23 मार्च से ग्राम पंचायतों में लगेंगे विशेष कैंप

Kushinagar News: जनपद के असंगठित क्षेत्र के कामगारों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला प्रबंधक गौरव पांडेय ने बताया कि आगामी 23 से 31 मार्च के बीच जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में दो दिवसीय विशेष पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान श्रम विभाग, सीएससी (CSC) और पंचायती राज विभाग के संयुक्त सहयोग से चलाया जाएगा।

क्या है प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना?

यह एक ‘अंशदायी पेंशन योजना’ है, जिसका उद्देश्य रेहड़ी-पटरी वालों, निर्माण श्रमिकों और खेतिहर मजदूरों को उनके बुढ़ापे में वित्तीय मदद देना है।

निश्चित पेंशन: 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद लाभार्थी को हर महीने 3,000 रुपये की सुनिश्चित पेंशन दी जाएगी।

सरकार का योगदान: इस योजना की खासियत यह है कि जितना अंशदान (प्रीमियम) श्रमिक जमा करता है, उतनी ही राशि केंद्र सरकार भी उसके खाते में जमा करती है।

कौन बन सकता है योजना का पात्र?

योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं।

आयु सीमा: आवेदन करने वाले की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

आय सीमा: मासिक आय 15,000 रुपये या उससे कम हो।

कार्य क्षेत्र: घर में काम करने वाले, रेहड़ी-पटरी दुकानदार, निर्माण मजदूर, कृषि श्रमिक और अन्य दिहाड़ी मजदूर इसके पात्र हैं।

अंशदान: उम्र के हिसाब से लाभार्थी को हर महीने 55 रुपये से लेकर 200 रुपये तक का अंशदान करना होगा।

पंजीकरण की आसान प्रक्रिया

श्रमिकों को भटकना न पड़े, इसके लिए पंजीकरण की प्रक्रिया को बहुत सरल रखा गया है।

कहां जाएं: अपने नजदीकी ग्राम पंचायत भवन में लगने वाले कैंप या पास के सीएससी (CSC) केंद्र पर संपर्क करें।

जरूरी दस्तावेज: पंजीकरण के लिए केवल आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण (पासबुक) और एक मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी।

जिला प्रबंधक ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनकर अपना भविष्य सुरक्षित करें।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: Sitapur News: ‘राहत’ की सड़क बनी ‘आफत’ का सबब, ऊंची सड़क और गहरी साइडों से पलट रहे ई-रिक्शा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.