अमेठी में किसानों की ‘न्याय पदयात्रा’, जिलाधिकारी को भेजा 18 सूत्रीय मांग पत्र

Amethi News: अमेठी में किसानों की हुंकार आज सड़कों पर साफ दिखाई दी। अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने एक विशाल ‘न्याय पदयात्रा’ निकाली, जिसमें हजारों की संख्या में किसान शामिल हुए। मां अहोरवा भवानी का आशीर्वाद लेकर शुरू हुई यह यात्रा क्षेत्र के गांवों से गुजरते हुए तहसील मुख्यालय तक पहुंची।

भारतीय किसान यूनियन (भानू) के बैनर तले बुधवार को अमेठी के किसानों ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया। राष्ट्रीय महामंत्री सतेन्द्र दुबे के मार्गदर्शन और तहसील अध्यक्ष नन्द कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में निकाली गई इस पदयात्रा का उद्देश्य गरीब और पीड़ित किसानों की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाना था।

मां अहोरवा भवानी के दरबार से शुरू हुआ सफर

यह न्याय पदयात्रा अहोरवा भवानी चौराहा से पूरे जोश के साथ प्रारम्भ हुई। हजारों किसानों का यह हुजूम गम्भीरशाह का पुरवा, सोना का ताल, महेशपुर, शहादतगंज और इन्हौना चौराहा होते हुए मां अहोरवा भवानी रेलवे स्टेशन पहुंचा। रास्ते भर किसान अपने हक के लिए नारेबाजी करते रहे।

18 सूत्रीय ज्ञापन: कर्ज माफी से लेकर ट्रेन ठहराव तक की मांग

पदयात्रा के समापन पर किसानों ने नायब तहसीलदार अमीषा यादव के माध्यम से जिलाधिकारी को संबोधित एक 18 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

  • किसान हित: पृथक ‘किसान आयोग’ का गठन और किसानों के कर्ज की पूर्ण माफी।
  • रेलवे की मांग: अहोरवा भवानी धाम (अकबरगंज) स्टेशन पर शटल, महाकाल और कुम्भ एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव।
  • आवारा पशुओं से निजात: धीरापुर, गोपालपुर और पन्हौना सहित कई गांवों में नीलगायों और लाल बंदरों के आतंक से सुरक्षा।
  • भ्रष्टाचार और निजीकरण: राजस्व विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम, नहरों में मानक के अनुसार पानी और बिजली के निजीकरण व स्मार्ट मीटर के नाम पर वसूली पर रोक।
  • शिक्षा व स्वास्थ्य: निजी स्कूलों और अस्पतालों की मनमानी पर अंकुश लगाने के साथ ही सरकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार।

युवाओं और बेघरों की उठाई आवाज

किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से बेरोजगार युवाओं के लिए नई भर्तियों की मांग की और स्पष्ट किया कि गरीब व बेघर परिवारों को उजाड़ने की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा मियागंज से महेशपुर तक जर्जर सड़क के नवनिर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इस अवसर पर युवा जिला अध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार मिश्र, सुमित तिवारी, पवन पासी, राम सेवक सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय किसान और यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: राम धीरज यादव

 

Also Read: Kushinagar News: बुढ़ापे का सहारा बनेगी ‘पेंशन योजना’, 23 मार्च से ग्राम पंचायतों में लगेंगे विशेष कैंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.