UP STF ने 50 हजार के इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार, बैंक मित्र से लूट के बाद था फरार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर हरदोई जिले के माधोगंज थाना क्षेत्र से शातिर लुटेरे अंशुल शुक्ला को धर दबोचा। एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण और उप निरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी के नेतृत्व वाली टीम ने बुधवार रात करीब 01:35 बजे अशोकनगर कस्बा कुरसठ के पास से यह गिरफ्तारी की।
बैंक मित्र से लूट के बाद से काट रहा था फरारी
गिरफ्तार अभियुक्त अंशुल शुक्ला उर्फ अंशु लखीमपुर खीरी के थाना फरधान में दर्ज लूट के एक मामले में वांछित था। साल 2026 की शुरुआत में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक बैंक मित्र से लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में उसके बाकी साथी तो जेल जा चुके थे, लेकिन अंशुल लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। उसकी सरगर्मी से तलाश के लिए पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा था।
अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी
पूछताछ में अंशुल ने अपने जुर्मों की जो लंबी दास्तान सुनाई, वो बेहद चौंकाने वाली है।
हत्या का मामला (2019): आपसी विवाद में अपने बड़े भाई के साथ मिलकर मुन्नेलाल की हत्या में शामिल रहा और जेल गया।
छेड़खानी और मारपीट (2024): गांव की एक लड़की से छेड़खानी के आरोप में जेल की हवा खाई।
गैंगस्टर और लूट: लखीमपुर के मैगलगंज और फरधान थानों में उसके खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट, छेड़खानी और लूट सहित कुल 5 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
STF की जाल में ऐसे फंसा ‘अंशु’
एसटीएफ की टीम हरदोई में अपराधियों की तलाश में भ्रमणशील थी। इसी दौरान पुख्ता जानकारी मिली कि इनामी बदमाश अंशुल हरदोई के अशोकनगर इलाके में छिपा हुआ है। टीम ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की और उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। उसे लखीमपुर खीरी के थाना फरधान में दाखिल कर दिया गया है, जहाँ स्थानीय पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Also Read: अमेठी में किसानों की ‘न्याय पदयात्रा’, जिलाधिकारी को भेजा 18 सूत्रीय मांग पत्र

