सिद्धार्थनगर में दौड़ेंगी ई-बसें और बनेंगे चार्जिंग स्टेशन, जगदंबिका पाल ने केंद्रीय मंत्री से की बड़ी मांग
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जिले को आधुनिक और प्रदूषण मुक्त परिवहन से जोड़ने के लिए सांसद जगदंबिका पाल ने केंद्र सरकार के सामने एक मजबूत प्रस्ताव रखा है। नई दिल्ली में केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी से मुलाकात के दौरान उन्होंने PM E-DRIVE योजना का लाभ सिद्धार्थनगर और पूर्वांचल क्षेत्र को दिलाने का आग्रह किया।

सांसद पाल ने ‘संदेश वाहक‘ को फोन पर बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री से सिद्धार्थनगर को इस महत्वाकांक्षी योजना में शामिल करने का अनुरोध किया है। उन्होंने सुझाव दिया कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के माध्यम से गोरखपुर और लखनऊ को जोड़ने वाले रूटों पर ई-बसों का संचालन शुरू किया जाए। इससे यात्रियों को बेहतर और सस्ती सुविधा मिलेगी। नेशनल हाईवे (NH-730) के साथ-साथ नौगढ़ और शोहरतगढ़ जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सार्वजनिक ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएं।
आकांक्षी जिले के विकास पर जोर
सांसद ने मंत्री को अवगत कराया कि नीति आयोग द्वारा सिद्धार्थनगर को ‘आकांक्षी जिला’ (Aspirational District) घोषित किया गया है। ऐसे में यहाँ सतत परिवहन (Sustainable Transport) की अपार संभावनाएं हैं। ई-रिक्शा और ई-ऑटो के लिए चार्जिंग पॉइंट बनने से ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ यानी गांव-गांव तक पहुँच आसान हो जाएगी।

अर्थव्यवस्था और कृषि को मिलेगा लाभ
जगदंबिका पाल के अनुसार, इस पहल के दूरगामी परिणाम होंगे। चार्जिंग स्टेशनों और ई-वाहन सेवाओं से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। कृषि लॉजिस्टिक्स की लागत कम होगी, जिससे किसानों को अपना उत्पाद मंडियों तक पहुँचाना सस्ता पड़ेगा। इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ने से प्रदूषण कम होगा और पूर्वांचल की आबोहवा बेहतर होगी। सांसद ने बताया कि केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने इन प्रस्तावों को ध्यान से सुना और इस दिशा में सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: सांसद किशोरी लाल शर्मा केस में लापरवाही पर कोर्ट का सख्त रुख, DM को ऐक्शन का निर्देश

