Ghaziabad News: पाकिस्तान भेजी गई थीं खाटू श्याम मंदिर की तस्वीरें, जासूसी नेटवर्क के निशाने पर थे धार्मिक स्थल

Ghaziabad News: गाजियाबाद के कौशांबी जिले में 14 मार्च को एक ऐसे जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है, जो पाकिस्तान के लिए काम कर रहा था। यह नेटवर्क देश के सैन्य ठिकानों और सैनिक गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ धार्मिक स्थलों की भी रेकी कर रहा था। जांच एजेंसियों द्वारा रिमांड पर लिए गए आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

कई धार्मिक स्थलों की रेकी

पूछताछ के दौरान आरोपियों के जब्त मोबाइल फोन की जांच में यह सामने आया कि उनके पास खाटू श्याम मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों के फोटो और वीडियो मौजूद थे। जब पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस डेटा की जांच की तो यह स्पष्ट हुआ कि इन तस्वीरों और वीडियो को पाकिस्तान भेजा गया था। इससे यह संकेत मिलता है कि नेटवर्क धार्मिक स्थलों को भी अपने निशाने पर रखे हुए था।

पाकिस्तान तक आरोपी के तार

इस मामले में हापुड़ से पकड़े गए आरोपी अजीम राणा के मोबाइल से भी मंदिरों की तस्वीरें और वीडियो बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया कि वह यह सामग्री पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी को भेज रहा था। पुलिस ने उसके एक और साथी को भी गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार यह साफ हो गया है कि इस नेटवर्क के सदस्य सीधे पाकिस्तान में बैठे लोगों के संपर्क में थे, जो उन्हें ऑनलाइन ट्रेनिंग, पैसे और दिशा-निर्देश दे रहे थे।

ऑनलाइन हुई ट्रेनिंग

सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि प्रवीण और ऋतिक को ऑनलाइन तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा था। उन्हें सीसीटीवी कैमरे लगाने, उनका एक्सेस तैयार करने और वीडियो तथा मोबाइल डेटा विदेश भेजने के तरीके सिखाए गए थे। इस पूरे नेटवर्क को पाकिस्तान में बैठा सरगना संचालित कर रहा था, जो हर गतिविधि पर नजर रखे हुए था।

प्रवीण की निशानदेही पर पुलिस ने सोनीपत रेलवे स्टेशन पर लगाया गया सोलर बेस्ड कैमरा बरामद कर लिया है। इस काम के बदले प्रवीण को 16000 रुपए दिए गए थे। यह भी सामने आया है कि नेटवर्क का उद्देश्य गाजियाबाद के ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपने साथ जोड़ना था, ताकि गतिविधियों का दायरा बढ़ाया जा सके।

हिरासत में कई संदिग्ध

पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा 14 से अधिक लोगों को संदिग्ध मानकर हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क के तार खंगालने में जुटी हुई हैं, ताकि इसके पीछे के बड़े नेटवर्क और संचालकों तक पहुंचा जा सके।

 

Also Read: ‘मैंने शराब पीना छोड़ दिया, अब…’, IPL 2026 से पहले इस स्टार स्पिनर ने किया बड़ा खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.