GATE Exame 2026 का रिजल्ट जारी, जानें कहां लग सकती है Job

Sandesh Wahak Digital Desk: IIT गुवाहाटी ने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग यानी GATE 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में शामिल हुए छात्र अपना परिणाम आधिकारिक पोर्टल gate2026.iitg.ac.in पर ऑनलाइन देख सकते हैं। रिजल्ट चेक करने के लिए अभ्यर्थियों को अपनी नामांकन आईडी या ईमेल आईडी और पासवर्ड के जरिए लॉगिन करना होगा।

टॉपर्स लिस्ट और स्कोरकार्ड की तारीखें घोषित

GATE 2026 के टॉपर्स की सूची 25 मार्च को जारी की जाएगी। वहीं स्कोरकार्ड 27 मार्च से डाउनलोड किए जा सकेंगे। उम्मीदवार 31 मई 2026 तक स्कोरकार्ड मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद 1 जून से 31 दिसंबर 2026 तक 500 रुपये शुल्क देकर स्कोरकार्ड प्राप्त किया जा सकेगा।

स्कोरकार्ड में उम्मीदवार का नाम, माता-पिता का नाम, GATE 2026 स्कोर, परीक्षा की तारीख, कैटेगरी, ऑल इंडिया रैंक और क्वालिफाइंग स्कोर जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज होंगी, जो आगे की प्रक्रिया के लिए आवश्यक होती हैं।

फरवरी में दो शिफ्ट में हुई थी परीक्षा

GATE 2026 की परीक्षा 7, 8, 14 और 15 फरवरी को आयोजित की गई थी। यह परीक्षा दो शिफ्ट में हुई थी, जिसमें सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक पहला सत्र और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक दूसरा सत्र रखा गया था। यह परीक्षा देशभर के विभिन्न केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की गई थी, जिसमें इंजीनियरिंग और साइंस के कई विषय शामिल थे।

पिछले तीन वर्षों में कंप्यूटर साइंस GATE का सबसे बड़ा पेपर बनकर उभरा है। वर्ष 2023 में जहां 99,555 छात्रों ने इसके लिए पंजीकरण किया था, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 1.52 लाख और 2025 में 2.07 लाख तक पहुंच गई। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की संख्या भी सबसे अधिक इसी विषय में रही। वर्ष 2025 में 1.70 लाख उम्मीदवारों ने इस पेपर में भाग लिया था। इसी तरह पास होने वाले छात्रों की संख्या भी लगातार बढ़ी है, जिससे यह सबसे अधिक सफल उम्मीदवारों वाला विषय बन गया है।

मिलती हैं बड़ी कंपनियों में नौकरियां

GATE स्कोर के आधार पर कई प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां इंजीनियरों की भर्ती करती हैं। अच्छी रैंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को बिना लिखित परीक्षा के सीधे इंटरव्यू या ग्रुप डिस्कशन के माध्यम से नौकरी मिल सकती है। इन कंपनियों में ओएनजीसी, एनटीपीसी, भेल, गेल, आईओसीएल, एचपीसीएल, बीपीसीएल, सेल, पावर ग्रिड, कोल इंडिया और डीआरडीओ जैसी संस्थाएं शामिल हैं, जहां इंजीनियर ट्रेनी और मैनेजमेंट ट्रेनी जैसे पदों पर भर्ती की जाती है।

GATE परीक्षा इंजीनियरिंग और साइंस ग्रेजुएट्स के लिए पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम्स में प्रवेश का प्रमुख माध्यम है। इस परीक्षा के अंकों के आधार पर आईआईटी, एनआईटी और अन्य केंद्रीय तकनीकी संस्थानों में एमटेक, एमई और पीएचडी प्रोग्राम्स में दाखिला दिया जाता है।

 

Also Read: Hockey World Cup 2026: भारत-पाकिस्तान महामुकाबले की तारीख तय, पूरा शेड्यूल जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.