Lucknow Suicide Mystery: मां-बेटे की मौत और घर की दीवार पर चिपका ‘मुंबई’ वाला रहस्यमयी नोटिस!

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के नींवा गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों द्वारा जहर खाकर जान देने की कोशिश का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। इस घटना में मां और बड़े बेटे की मौत हो गई है, जबकि पिता अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। पुलिस को मृतक बेटे की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है, लेकिन आत्महत्या की असली वजह अब भी एक ‘अनसुलझी पहेली’ बनी हुई है।

“हम खुद कर रहे हैं…” – जेब से मिला सुसाइड नोट

मृतकों की पहचान तारावती (52) और उनके बड़े बेटे संदीप (30) के रूप में हुई है। घर के मुखिया रूपनारायण (55) गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। मृतक संदीप की जेब से मिले सुसाइड नोट में लिखा है “हम लोग आत्महत्या कर रहे हैं। इससे परिवार से कोई मतलब नहीं है। हम अपने आप तीन लोग आत्महत्या कर रहे हैं।”

छोटे बेटे की आपबीती: “रात को बाहर से खाकर आए थे तीनों”

घर में मौजूद छोटे बेटे कुलदीप ने बताया कि परिवार चाय-समोसे और पान की दुकान चलाकर गुजर-बसर करता था। गुरुवार रात कुलदीप ने घर पर ‘तहरी’ बनाई थी, लेकिन जब मम्मी, पापा और भाई दुकान बढ़ाकर घर लौटे, तो उन्होंने खाना खाने से मना कर दिया और कहा कि वे बाहर से खाकर आए हैं। इसके बाद तीनों कमरे में सोने चले गए।

शुक्रवार तड़के जब कुलदीप की नींद खुली, तो उसने पिता को उल्टियां करते देखा। कमरे के अंदर मां और भाई बेसुध पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। शोर मचाने पर पड़ोसी और चाचा दौड़े, लेकिन तब तक मां-बेटे दम तोड़ चुके थे।

5 पेज का फटा हुआ नोटिस: मुंबई कनेक्शन और रहस्य

पुलिस को जांच के दौरान घर के बाहर 5 पेज का एक नोटिस चिपका मिला है। हालांकि, नोटिस फटा होने के कारण पूरी जानकारी साफ नहीं है, लेकिन एक पन्ने पर ‘सिक्योरिटी ऑफिसर, मुंबई’ लिखा हुआ नजर आ रहा है। छोटा बेटा कुलदीप किसी भी तरह के कर्ज या नोटिस की जानकारी से इनकार कर रहा है।

पुलिस अब इस ‘मुंबई कनेक्शन’ और फटे हुए नोटिस के टुकड़ों को जोड़ने की कोशिश कर रही है ताकि इस सामूहिक आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह का खुलासा हो सके।

Also Read: ‘महंगी गैस, महंगा तेल-मोदी योगी दोनों फेल’, सपा महिला विंग ने गैस की अर्थी निकाल कर किया प्रदर्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.