Lucknow News: फर्जी रजिस्ट्री से लोन लेने वाला हार्डवेयर दुकानदार गिरफ्तार, लखनऊ से बाराबंकी तक फैला था जाल

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की मड़ियांव पुलिस ने बैंकिंग धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर करोड़ों का हेरफेर करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी ने फर्जी रजिस्ट्री के आधार पर बैंक से लोन प्राप्त किया था, जिसके बाद बैंक की शिकायत पर पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

क्या है पूरा मामला?

मामले की शुरुआत 19 अक्टूबर 2024 को हुई थी, जब ‘हीरो हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड’ के प्राधिकृत अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने मड़ियांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि आरोपी संजय श्रीवास्तव और उसके साथियों ने किसी दूसरे के मकान की फर्जी रजिस्ट्री तैयार की और उस पर बैंक से लोन ले लिया। जब लोन की किस्तें जमा नहीं हुईं और बैंक ने मौके पर जाकर जांच की, तो पता चला कि मकान का असली मालिक कोई और है और बैंक को जाली दस्तावेज थमाए गए हैं।

44 साल का ‘हार्डवेयर दुकानदार’ निकला शातिर अपराधी

सोमवार देर शाम मड़ियांव पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त अरविन्द कुमार वर्मा (44 वर्ष) को उसके निवास स्थान ग्राम भवनियापुर, बाराबंकी से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, अरविंद पेशे से हार्डवेयर की दुकान चलाता है, लेकिन उसका आपराधिक इतिहास काफी लंबा है।

चिनहट (लखनऊ): लूट और हत्या के प्रयास (307/394 IPC) का मामला।

लोनी कटरा (बाराबंकी): पुलिस पर हमला और बलवा (307/336/353 IPC) के गंभीर आरोप।

मड़ियांव (लखनऊ): वर्तमान में धोखाधड़ी और कूटनीति (420/467/471 IPC) का केस।

पुलिस की कार्रवाई

थाना मड़ियांव पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही पूर्ण कर ली है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस गिरफ्तारी से बैंकिंग सेक्टर में फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोहों पर नकेल कसने की उम्मीद जगी है।

Also Read: UP में ‘खिलाड़ी से अधिकारी’ बनने का सपना हुआ सच, सीएम योगी ने पदक विजेताओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.