दिल्ली के करोल बाग में पलटी तेज रफ्तार बस, 2 की मौत, कई घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी के करोल बाग इलाके में बुधवार की रात एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। करीब 25 यात्रियों को लेकर जा रही एक बस झंडेवालान मेट्रो स्टेशन के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 2 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

चश्मदीदों के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ्तार बहुत तेज थी, करीब 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा। तेज गति के कारण ड्राइवर ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस एक-दो बार पलटी खाते हुए सड़क पर जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि अंदर सो रहे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। बस के अंदर महिलाएं और छोटे बच्चे बुरी तरह फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। करीब 100-150 लोगों ने मिलकर बस को सीधा करने और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। एक चश्मदीद ने बताया कि एक छोटा बच्चा सीटों के बीच फंस गया था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। लोगों ने खून से लथपथ यात्रियों को अपनी गाड़ियों और एंबुलेंस के जरिए अस्पतालों तक पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, पीसीआर वैन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत राम मनोहर लोहिया (RML) और अन्य नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि 8-10 लोगों की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। शुरुआती जांच और लोगों के बयानों के आधार पर ड्राइवर की लापरवाही सामने आ रही है। कुछ लोगों का मानना है कि देर रात होने के कारण शायद ड्राइवर को झपकी आ गई थी, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बस के ड्राइवर व हादसे के सही कारणों की जांच कर रही है।

Also Read: RCB Playing XI Update: यश दयाल के बाहर होने से बदलाव तय, जानिए किसे मिल सकता है मौका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.