UP News: जल जीवन मिशन में बड़ी लापरवाही पर 26 इंजीनियरों पर गिरी गाज, 12 सस्पेंड
अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव का कड़ा रुख-काम में लेटलतीफी की तो होगी बर्खास्तगी, लखीमपुर, जौनपुर और गाजीपुर के अधिशासी अभियंता निलंबित
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में जल जीवन मिशन की परियोजनाओं में ढिलाई बरतने वाले अफसरों और कर्मचारियों के खिलाफ योगी सरकार ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। ग्रामीण जलापूर्ति विभाग ने ‘मिशन मोड’ में काम करते हुए 26 इंजीनियरों और कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन, विभागीय जांच और कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। इस कार्रवाई में अधिशासी अभियंता (EE) से लेकर जूनियर इंजीनियर (JE) रैंक के 12 अधिकारी सस्पेंड कर दिए गए हैं।
लापरवाही पर ‘जीरो टॉलरेंस’
मंगलवार को खुदी हुई सड़कों को तत्काल दुरुस्त करने के आदेश के बाद, जल निगम ग्रामीण के एमडी राजशेखर ने अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव के निर्देश पर यह सख्त कदम उठाया है। अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि हर ग्रामीण घर तक नल से जल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। अगर कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ, तो भविष्य में बर्खास्तगी (Dismissal) की कार्रवाई भी की जाएगी। हाल के दिनों में जल निगम के भीतर लेटलतीफी के मामले में यह सबसे बड़ी सामूहिक गाज गिरी है।
निलंबन की सूची में कौन-कौन शामिल?
जिन 12 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है, उनमें प्रमुख नाम इस प्रकार हैं।
अधिशासी अभियंता: अविनाश गुप्ता (लखीमपुर खीरी), सौमित्र श्रीवास्तव (जौनपुर), मो. कासिम हाशमी (गाजीपुर), और अमित राजपूत (कार्यवाहक EE, चंदौली)।
सहायक अभियंता: सीताराम यादव (चंदौली) और अकबर हसन (बिजनौर)।
जूनियर इंजीनियर: अनुराग गोयल (औरैया), कुलदीप कुमार सिंह (हाथरस), राजेन्द्र कुमार यादव (आजमगढ़), रूप चन्द्र (बरेली) और अवनीश प्रताप सिंह (बाराबंकी)।
इसके अलावा कुशीनगर के कार्यवाहक खंडीय लेखाकार धर्मप्रकाश महेश्वरी को भी निलंबित किया गया है।
जांच और नोटिस के घेरे में अन्य अधिकारी
सिर्फ निलंबन ही नहीं, बल्कि कई अन्य अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा गया है। औरैया के अमन यादव, मैनपुरी के अंकित यादव, प्रयागराज के प्रवीण कुट्टी और शामली के फूल सिंह यादव के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। गाजियाबाद के भारत भूषण, आगरा के अमित कुमार और मिर्जापुर के राजेश कुमार गुप्ता को खराब प्रगति के लिए नोटिस जारी हुआ है। शिकायतों के आधार पर 7 इंजीनियरों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है।
Also Read: Lucknow News: जिला कोर्ट के पास से हटाए जाएं वकीलों के अवैध कब्जे, हाईकोर्ट ने दिए आदेश

