ISIS के हारिस से पूछताछ में बड़ा खुलासा, सामने आए 10 और नाम

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एटीएस को बड़ी सफलता मिली है। ISIS के लिए काम करने वाले हारिस अली ने पूछताछ में अपने 10 सहयोगियों के नाम उजागर किए हैं। बताया जा रहा है कि इन सभी को देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए फंडिंग की जा रही थी।

ATS ने तेज की कार्रवाई

हारिस अली द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर एटीएस अब संदिग्धों की गिरफ्तारी में जुट गई है। हारिस ने अपने सीधे संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी साझा की है, जिससे आतंकी नेटवर्क के बड़े सर्कल का खुलासा होने की संभावना है।

लैपटॉप से मिले अहम सबूत

जांच के दौरान एटीएस को हारिस के लैपटॉप से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इसमें आतंकी साजिशों से जुड़े ईमेल शामिल हैं। इन मेल के जरिए हारिस द्वारा IS एजेंटों को भेजी गई जानकारी सामने आई है, जिसमें कुछ प्रमुख स्थानों की तस्वीरें भी शामिल थीं।

पूछताछ में सामने आया है कि ISIS ने हारिस अली को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और पंजाब में 50-50 युवाओं का ग्रुप बनाने का लक्ष्य दिया था। वह इंटरनेट मीडिया के जरिए उन लोगों से संपर्क करता था, जो ISIS की विचारधारा से प्रभावित थे।

5 दिन की रिमांड में मिले कई सुराग

एटीएस ने हारिस को पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड पर लिया था। इस दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। शनिवार को रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

हारिस अली द्वारा बताए गए 10 सहयोगियों में से चार उत्तर प्रदेश के हैं, जबकि छह अन्य अलग-अलग राज्यों से जुड़े बताए जा रहे हैं। इन सभी को आतंकी गतिविधियों के लिए फंडिंग मिलने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस सभी संदिग्धों को पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।

 

Also Read: कानपुर के होटलों पर गैस संकट का साया, मेन्यू से गायब होंगे पसंदीदा व्यंजन, जानें क्यों जेब होगी ढीली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.