Lucknow News: रंगदारी न देने पर फायरिंग करने वाला 11 मुकदमों का ‘विलेन’ इस्लाम उर्फ ओलू गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की ठाकुरगंज पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए रंगदारी, फायरिंग और जानलेवा हमले के आरोपी शातिर अपराधी इस्लाम उर्फ ओलू को गिरफ्तार कर लिया है। ओलू लखनऊ के पश्चिम क्षेत्र और आसपास के जनपदों में अपनी दबंगई और आपराधिक गतिविधियों के लिए कुख्यात है। उस पर हत्या के प्रयास, रंगदारी और जबरन धर्म परिवर्तन जैसे 11 गंभीर मामले दर्ज हैं।

दुबग्गा में प्लाट पर किया था हमला

गिरफ्तारी का ताजा मामला 18 जनवरी 2026 का है। अमीनाबाद निवासी फहम जहीर बेगरिया (थाना दुबग्गा) में अपने प्लाट पर निर्माण कार्य करवा रहे थे। आरोपी इस्लाम उर्फ ओलू और उसके साथियों ने निर्माण कार्य के बदले रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर 18 जनवरी को आरोपियों ने लाठी-डंडों और हथियारों के साथ निर्माणाधीन भवन में घुसकर फायरिंग की और जानलेवा हमला कर दहशत फैलाई। इस मामले में दुबग्गा थाने में 7 नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

गोमतीनगर रिवर फ्रंट के पास से गिरफ्तारी

ठाकुरगंज पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी फूड वैली रिवर फ्रंट (गोमतीनगर) के पास मौजूद है। प्रभारी निरीक्षक ठाकुरगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रॉयल हाउस के सामने से दबोच लिया।

इस्लाम उर्फ ओलू एक आदतन अपराधी है। उसका आपराधिक इतिहास 2013 से शुरू होकर अब तक जारी है। उस पर ठाकुरगंज, वजीरगंज और दुबग्गा थानों में हत्या के प्रयास (307), एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी पर अयोध्या के कैंट थाने में भी धोखाधड़ी (318/319 BNS) और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। ठाकुरगंज पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस अब इसके अन्य साथियों और बेनामी संपत्तियों की भी तलाश कर रही है।

Also Read: Lucknow News: शराब व्यवसायी से डकैती करने वाले 8 शातिर गिरफ्तार, 5 लाख कैश और अवैध असलहे बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.