Lucknow News: शराब व्यवसायी से डकैती करने वाले 8 शातिर गिरफ्तार, 5 लाख कैश और अवैध असलहे बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की मदेयगंज पुलिस और क्राइम टीम ने एक सप्ताह पूर्व शराब व्यवसायी के कर्मचारी से हुई लाखों की डकैती का खुलासा करते हुए 8 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में मुख्य अभियुक्त के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से लूटे गए 4,99,493 रुपये, दो मोटरसाइकिलें, चाकू, रॉड और अवैध असलहे बरामद किए हैं।

वारदात: चाकू मारकर लूटा था रुपयों से भरा बैग
25 मार्च 2026 की रात काकोरी निवासी हर्ष जायसवाल अपनी मोटरसाइकिल से शराब ठेकों का कलेक्शन लेकर जा रहे थे। तभी खदरा मदेयगंज के पास बदमाशों ने उन्हें रोककर पीठ पर चाकू से वार किया और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना मदेयगंज में मामला दर्ज कर जांच के लिए 6 टीमें गठित की गई थीं।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी का घटनाक्रम
31 मार्च की रात पुलिस टीम बंधा रोड पर चेकिंग कर रही थी, तभी अपाचे सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आलोक तिवारी उर्फ मुस्कान के पैर में गोली लगी, जिसे गिरफ्तार कर बलरामपुर अस्पताल भेजा गया। उसके साथी सुजीत सिंह उर्फ मगन को भी हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में बदमाशों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि डकैती के बाद उन्होंने 1.20 लाख रुपये आपस में बांटे और 15 हजार रुपये दान करने के लिए अलग रख दिए। इसके बाद पूरा गिरोह राजस्थान में खाटू श्याम बाबा के दर्शन करने चला गया था। दर्शन से लौटने के बाद वे बाकी रकम बांटने के लिए दुबग्गा स्थित काशीराम कॉलोनी के एक फ्लैट में एकत्र हुए थे।
खून से सनी शर्ट और बैग बरामद
सुजीत की निशानदेही पर पुलिस ने दुबग्गा की काशीराम कॉलोनी में दबिश दी और वहां छिपे 6 अन्य साथियों निर्भय तिवारी, भूपेन्द्र सिंह, पुष्पेन्द्र, मिलन द्विवेदी, कन्हैया दीक्षित और आदर्श तिवारी को गिरफ्तार किया।
मौके से एक खून से सनी शर्ट मिली। अभियुक्त निर्भय ने बताया कि बैग के पट्टे काटते समय उसकी उंगली कट गई थी, जिसका खून शर्ट पर लग गया था। गिरोह के पास से 4.80 लाख रुपये नकद, शराब ठेकों की 14 रसीदें, डकैती में प्रयुक्त हथियार और दो बाइक बरामद हुईं।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पकड़े गए 8 अभियुक्तों में से 7 हरदोई के अतरौली क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि एक सीतापुर का निवासी है। इन सभी की उम्र 19 से 23 वर्ष के बीच है। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक इतिहास की पड़ताल कर रही है।
Also Read: वाराणसी का 50 हजारी इनामी बदमाश गिरफ्तार, हत्या और फायरिंग मामले में था वांछित

