एनकाउंटर में ढेर हुआ कुख्यात ‘मोंटी’, उधम सिंह गैंग का वो शार्प शूटर जिसने जेल में सीखी थी जुर्म की एबीसीडी
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिमी यूपी के 5 जिलों में आतंक का पर्याय बना 50 हजार का इनामी बदमाश आशु चड्ढा उर्फ मोंटी मुरादाबाद पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्यवाही में मारा गया। 36 संगीन मुकदमों के बोझ तले दबे मोंटी का अंत उसी दुस्साहस के कारण हुआ, जो उसने मुरादाबाद के एक नामी निर्यातक से 5 करोड़ की रंगदारी मांगकर किया था।
मोंटी ने अपराध की दुनिया में पहला कदम 2010 में रखा, जब हापुड़ के हाफिजपुर में उस पर हत्या का केस दर्ज हुआ। जेल जाने के बाद उसकी मुलाकात माफिया उधम सिंह (करनावल, मेरठ) से हुई। यहीं से वह ‘D-50’ गैंग का हिस्सा बना और सुपारी किलिंग व रंगदारी का विशेषज्ञ बन गया।
मुरादाबाद कांड: 5 करोड़ की रंगदारी और फायरिंग
मोंटी की मौत की पटकथा 12 मार्च को लिखी गई थी, जब उसने मुरादाबाद के प्रतिष्ठित निर्यातक अरशू ढल (वजीरचंद एक्सपोर्ट्स) को व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर ‘5 खोखे’ (5 करोड़) की मांग की।
उसने मैसेज में लिखा था— “तुम आशु उधम को नहीं जानते हो।” रंगदारी न मिलने पर 15 मार्च को मोंटी के इशारे पर बाइक सवारों ने फर्म के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे पूरे शहर के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया था।
मुठभेड़ और बरामदगी
एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देशन में बनी टीमों ने जब मोंटी को घेरा, तो उसने पुलिस पर गोलियां बरसा दीं। जवाबी फायरिंग में वह ढेर हो गया।
मौके से बरामद असलहे
.32 बोर की फैक्ट्री मेड पिस्टल।
.32 बोर की रिवॉल्वर और 12 बोर की बंदूक।
एक स्विफ्ट कार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस।
स्थानीय ‘छुटभैयों’ पर पुलिस की नजर
पुलिस का मानना है कि मोंटी को स्थानीय स्तर पर कुछ ‘मुखबिरों’ या छोटे अपराधियों ने जानकारी दी थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या मुरादाबाद के ही किसी अपराधी ने उधम सिंह गैंग से संपर्क साधकर यह रंगदारी मंगवाई थी। पुलिस कप्तान ने संकेत दिए हैं कि “मददगारों का हश्र भी मोंटी जैसा ही होगा।”
उधम सिंह गैंग (D-50): सरगना की रिहाई और मोंटी का अंत
संयोग देखिए कि जिस गैंग का मोंटी शार्प शूटर था, उसका सरगना उधम सिंह अभी 26 मार्च को ही उन्नाव जेल से रिहा हुआ है। उधम सिंह यूपी के टॉप-25 माफियाओं की सूची में शामिल है। मोंटी का एनकाउंटर इस गैंग के बढ़ते हौसलों पर पुलिस का करारा प्रहार माना जा रहा है।
Also Read: लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर LPG टैंकर में रिसाव के बाद हाईवे सील, लगा 20 KM लंबा जाम

