पार्थ रिपब्लिक बिल्डिंग में लगी भीषण आग, दमकल कर्मियों ने सीढ़ी लगाकर बचाई 7 जानें
Lucknow News: राजधानी के सरोजनीनगर (दरोगा खेड़ा) इलाके में गुरुवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रीयल एस्टेट कारोबारी अजय रस्तोगी के तीन मंजिला पार्थ रिपब्लिक अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल पर रह रहे परिवार के सात लोग आग की लपटों और धुएं के बीच कैद हो गए।
हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ जब अजय रस्तोगी, उनकी पत्नी अनीता, बच्चे और भतीजी गहरी नींद में थे। धुएं और तपिश से जब उनकी आंख खुली, तो पूरा घर आग की चपेट में था। मुख्य गेट और सीढ़ियों पर आग का कब्जा होने के कारण बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा था। मासूम बच्चों समेत पूरा परिवार खिड़की के पास खड़ा होकर मदद के लिए चीख-पुकार करने लगा। हालात इतने बिगड़ गए थे कि घबराहट में परिवार के सदस्य खिड़की से नीचे कूदने की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस और दमकल कर्मियों की जांबाजी
तभी मौके पर सरोजनीनगर फायर स्टेशन के एफएसओ (FSO) धर्मपाल सिंह और थाने के इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति अपनी टीम के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने सबसे पहले खिड़की पर खड़े डरे-सहमे परिवार को ढांढस बंधाया और उन्हें शांत कराया। दमकल कर्मियों ने तुरंत खिड़की पर सीढ़ी लगाई और एक-एक करके मासूम विरानिका (6 वर्ष), विनायक, शीतल, तन्नू और अजय रस्तोगी व उनकी पत्नी को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस दौरान परिवार का पालतू कुत्ता भी सुरक्षित निकाल लिया गया।
आग इतनी भयानक थी कि सीएफओ (CFO) अंकुश मित्तल ने हजरतगंज से हाईड्रोलिक प्लेटफार्म मंगवाया। दमकल कर्मियों की एक टीम ने ब्रीदिंग अपरेटस (BA Set) पहनकर धुएं के गुबार के बीच घर के अंदर प्रवेश किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
भतीजी को आई मामूली चोट
रेस्क्यू के दौरान अजय की भतीजी तन्नू घबराकर खिड़की से नीचे कूद गई थी, जिससे उसके पैर में हल्की चोट आई है। बाकी सभी सदस्य और बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि दमकल विभाग पूरी रिपोर्ट तैयार कर रहा है।
Also Read: Gold Chain विवाद में क्रिकेटर-एक्ट्रेस आमने-सामने, अभिनेत्री की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप

