लखनऊ-दिल्ली मैच में दर्शकों के बीच जमकर मारपीट, इकाना स्टेडियम में मचा हंगामा

Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 के दौरान लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के बाद दर्शकों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है।

बुधवार (1 अप्रैल) को IPL 2026 के पांचवें लीग मैच में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुए मुकाबले के बाद स्टैंड्स में मौजूद कुछ दर्शक आपस में भिड़ गए।

जिसमें कुछ दर्शक एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाते नजर आए। स्थिति बिगड़ती देख स्टेडियम में तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर झगड़ा शांत कराया और लोगों को अलग किया।

हालांकि, दर्शकों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

Ekana Stadium Lucknow

मैच का रहा रोमांचक हाल

मैच की बात करें तो यह एक लो-स्कोरिंग लेकिन बेहद रोमांचक मुकाबला रहा। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 18.4 ओवर में 141 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अब्दुल समद ने 36 रन और मिचेल मार्श ने 35 रन की पारी खेली, जबकि छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।

142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 26 रन पर चार विकेट गंवा दिए।

इसके बाद समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स ने पांचवें विकेट के लिए 119 रनों की अहम साझेदारी कर मैच का रुख पलट दिया।

समीर रिजवी ने 47 गेंदों में नाबाद 70 रन और ट्रिस्टन स्टब्स ने 39 रन की नाबाद पारी खेली। दिल्ली ने लक्ष्य को 6 विकेट से हासिल कर लिया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मैच के दौरान और बाद में दर्शकों के बीच हुई मारपीट ने स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हालांकि, पुलिस की तत्परता से स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया, लेकिन इस तरह की घटनाएं खेल के माहौल को खराब करती हैं।

फिलहाल, प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटा रहा है और वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Also Read: World Richest Cricketer: दुनिया के 10 सबसे अमीर क्रिकेटर, लिस्ट में 5 भारतीय खिलाड़ी शामिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.