योगी सरकार की योजनाओं से चमकी हमीरपुर की ‘कीर्ति’, प्रेरणा कैंटीन से खड़ा किया ₹1.25 करोड़ का टर्नओवर

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। हमीरपुर जनपद की कीर्ति सिंह इस बदलाव की एक सशक्त पहचान बनकर उभरी हैं। कभी अध्यापिका और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में सीमित दायरे में काम करने वाली कीर्ति आज एक सफल बिजनेस मॉडल का नेतृत्व कर रही हैं, जिसने न केवल उनकी जिंदगी बदली, बल्कि दर्जनों अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार के द्वार खोल दिए हैं।

2018 का वो फैसला, जिसने बदल दी दिशा

कीर्ति के सफर की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई, जब उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ने का निर्णय लिया। यह उनके जीवन का ‘टर्निंग पॉइंट’ साबित हुआ। बैंक सखी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने वित्तीय प्रबंधन सीखा और फिर खुद का उद्यम शुरू करने का साहस जुटाया।

‘प्रेरणा कैंटीन’: पोषण और स्वरोजगार का संगम

अगस्त 2025 में कीर्ति ने हमीरपुर के दरियापुर स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में 10 महिलाओं के साथ मिलकर ‘प्रेरणा कैंटीन’ की नींव रखी। लगभग ₹11 लाख के शुरुआती निवेश से शुरू हुआ यह उद्यम आज ₹1.25 करोड़ के टर्नओवर तक पहुंच गया है। कैंटीन से सीधे तौर पर 8 महिलाएं जुड़ी हैं, जिनमें से प्रत्येक को हर महीने लगभग ₹8,000 वेतन मिल रहा है। इस कैंटीन के माध्यम से विद्यालय के 332 बच्चों को रोजाना शुद्ध और पौष्टिक नाश्ता, दूध व भोजन किफायती दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से विस्तार की तैयारी

कीर्ति की सफलता का श्रेय योगी सरकार की उन नीतियों को जाता है जो सीधे ग्रामीण महिलाओं को सशक्त करती हैं। आत्मनिर्भरता की इस उड़ान को और ऊंचा ले जाने के लिए कीर्ति ने अब मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया है। वे अपने इस व्यवसाय को आधुनिक तकनीक और बड़े स्तर पर विस्तार देना चाहती हैं।

“योगी सरकार की योजनाओं ने हमें केवल सपना देखना ही नहीं, बल्कि उन्हें सच करना भी सिखाया है। स्वच्छ और पौष्टिक भोजन ही स्वस्थ समाज की नींव है, और प्रेरणा कैंटीन इसी सोच के साथ आगे बढ़ रही है।”

कीर्ति सिंह, महिला उद्यमी

 

Also Read: UP Politics: सांसद अवधेश प्रसाद बोले- हमने पंचायत में आरक्षण दिया, अब सरकार की नियति की परीक्षा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.