Kushinagar News: कूड़े के जहरीले धुएं से बिगड़ी स्कूली बच्चों की तबीयत, DM-SP ने खुद संभाली कमान
Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक निजी स्कूल के पास जल रहे कूड़े के धुएं ने दर्जनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। जहरीले धुएं के कारण बच्चों को सांस लेने में तकलीफ और घबराहट होने लगी, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
स्कूल के पास कूड़ा जलाने से फैला ‘जहरीला धुआं’
मामला तमकुहीराज तहसील के ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल का है। बताया जा रहा है कि स्कूल के पास स्थित एक खाली प्लॉट में सूखे कूड़े और पत्तों में आग लगाई गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कूड़े के ढेर में कुछ जंगली जहरीले पौधे भी जल गए, जिससे निकले घने और तीखे धुएं ने स्कूल परिसर को घेर लिया। धुएं के संपर्क में आते ही बच्चों को बेचैनी, दम घुटने और सांस लेने में परेशानी की शिकायत होने लगी।
अस्पताल में मची अफरा-तफरी, प्रशासन अलर्ट
जैसे ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने की खबर फैली, स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सेवरही ले जाया गया।
सीएचसी के डॉक्टरों ने बच्चों का तत्काल इलाज शुरू किया। अधिकांश बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, लेकिन कुछ बच्चों को अतिरिक्त सावधानी के तौर पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। राहत की बात यह है कि वर्तमान में सभी बच्चे पूर्णतः स्वस्थ और खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
DM और SP ने खुद जाना बच्चों का हाल
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार प्रशासनिक अमले के साथ एक्शन मोड में आ गए। अधिकारियों ने पहले ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया और फिर अस्पताल पहुंचकर भर्ती बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की। स्वास्थ्य विभाग की टीम को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की सख्त अपील: खुले में न जलाएं कूड़ा
जिला प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आमजन से अपील की है कि वे खुले स्थानों पर कूड़ा, पत्ते या पराली न जलाएं। धुएं से होने वाला प्रदूषण न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इस तरह की बड़ी दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकता है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

