BJP स्थापना दिवस: कार्यकर्ताओं को संबोधित कर भावुक हुए पीएम मोदी, बोले- ‘पार्टी नहीं, यह हमारी मां है’
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के करोड़ों कार्यकर्ताओं को वीडियो संदेश के जरिए संबोधित किया। पीएम मोदी ने इस दिन को केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक भावुक अवसर बताया।
“पार्टी नहीं, यह हमारी मां है”
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने संगठन के प्रति अपनी अटूट निष्ठा व्यक्त करते हुए कहा “भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जहां हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं। यह स्थापना दिवस हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए एक अत्यंत भावुक अवसर है, क्योंकि इसी संगठन ने हमें देश सेवा का सौभाग्य दिया है।” पीएम ने दावा किया कि बीते वर्षों में देश की जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार बढ़ा है और पार्टी अंत्योदय के अपने लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ रही है।
नितिन नवीन के नेतृत्व की सराहना
आगामी चुनावों और संगठन की मजबूती पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यकाल को सराहा। प्रधानमंत्री ने कहा, “जिन राज्यों में वर्तमान में चुनाव हैं, वहां मैं कार्यकर्ताओं में एक अभूतपूर्व ऊर्जा देख रहा हूं। ऐसा प्रतीत होता है कि नितिन नवीन जी ने अपने कार्यों से पार्टी में वास्तव में ‘नवीनता’ भर दी है।”
कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने देश के कोने-कोने में बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं का आभार जताया और उन्हें स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही भाजपा की असली ताकत है।
Also Read: सीएम मान और केजरीवाल को मारने की धमकी, खालिस्तानी संगठन ने ई-मेल भेजकर मचाया हड़कंप

