धुरंधर 2 का असर सड़कों पर, अखिलेश को रहमान डकैत तो सीएम योगी को धुरंधर बताने वाले होर्डिंग लगे

Lucknow News: यूपी की सियासत में फिल्म धुरंधर 2 ने बवाल मचा रखा है। माफिया डॉन अतीक अहमद से मिलते-जुलते किरदार का पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और आतंकी संगठन से कनेक्शन दिखाए जाने को लेकर राजनीति गरम है। सपा समेत विपक्षी दल इसे भाजपा का प्रोपेगेंडा बता रहे हैं। इसी बीच, लखनऊ, अमेठी समेत कई जिलों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ बड़े पैमाने पर होर्डिंग लगाए गए हैं।

होर्डिंग में अखिलेश को फिल्म ‘धुरंधर’ के विलेन ‘रहमान डकैत’ की तरह दिखाया गया है। नीचे लिखा है- अखिलेश का ल्यारी राज। वहीं, दूसरी तरफ कन्या पूजन करते सीएम योगी की तस्वीर लगी है और नीचे लिखा है- धुरंधर सीएम। होर्डिंग के जरिए पूछा गया है- आपको क्या चाहिए?

सपा शासन में दंगे, योगी सरकार में माफियाओं पर एक्शन

होर्डिंग यूथ अगेंस्ट माफिया नाम की संस्था ने लगवाए हैं। अखिलेश की तस्वीर के नीचे उनके शासनकाल (2012-17) के दौरान हुए मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली के दंगों की खबरों की कटिंग लगी है। वहीं, सीएम योगी की तस्वीर के नीचे अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी जैसे माफियाओं पर एक्शन की कटिंग लगी है।

होर्डिंग में एक तरफ सपा शासन को दंगे, अराजकता और माफियाराज से जोड़कर दिखाया गया है। लाल टोपी, काला चश्मा लगाए अखिलेश की एडिटेड तस्वीर लगी है, जिसमें उन्हें ‘रहमान डकैत’ की तरह दिखाया गया है।

कहां-कहां लगे होर्डिंग

लखनऊ में होर्डिंग मुख्यमंत्री आवास के आसपास प्रमुख चौराहों, हनुमान सेतु, इंदिरा नगर, हजरतगंज, गोमती नगर में लगाए गए हैं। राजधानी से बाहर मलिहाबाद, सीतापुर, हरदोई, जौनपुर, बाराबंकी, आजमगढ़, नोएडा, प्रतापगढ़, अमेठी और गोंडा तक होर्डिंग लगाए गए हैं। होर्डिंग पर यूथ अगेंस्ट माफिया के पदाधिकारियों के नाम और तस्वीरें भी लगी हैं।

कौन है यूथ अगेंस्ट माफिया

ऑफिशियल वेबसाइट पर यूथ अगेंस्ट माफिया को एक नागरिक संस्था बताया गया है। वेबसाइट के मुताबिक, संस्था घटनाओं का रिकॉर्ड रखने, युवाओं को शिक्षित-जागरूक करने और यूपी के लिए सुरक्षित भविष्य के लिए समर्थन जुटाने का काम करती है। हालांकि, होर्डिंग को लेकर संस्था की ओर से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है।

Also Read: लखनऊ के नाका बाजार में इलेक्ट्रॉनिक गोदामों में भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने पाया काबू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.