लखनऊ के नाका बाजार में इलेक्ट्रॉनिक गोदामों में भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने पाया काबू

Lucknow News: राजधानी के व्यस्ततम नाका थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाज़ार के बीचों-बीच स्थित दो इलेक्ट्रॉनिक गोदामों से धुएँ के काले गुबार निकलने लगे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।

मंगलवार सुबह जब बाज़ार खुल ही रहा था, तभी लोगों ने इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदामों से गाढ़ा धुआं निकलते देखा। अनहोनी की आशंका में स्थानीय लोगों ने तुरंत यूपी-112 और फायर ब्रिगेड को फोन किया। घनी आबादी और बाज़ार का इलाका होने के कारण प्रशासन भी तुरंत हरकत में आ गया।

शटर तोड़कर भीतर घुसे दमकलकर्मी

आग की गंभीरता को देखते हुए हजरतगंज और आलमबाग फायर स्टेशन से दो-दो गाड़ियां (कुल 4 गाड़ियां) मौके पर भेजी गईं। चुनौती बड़ी थी क्योंकि ‘महिमा इलेक्ट्रॉनिक’ समेत दोनों गोदामों के शटर बंद थे और आग अंदर ही अंदर सुलग रही थी।

दमकलकर्मियों ने पहले बाहर से पानी की बौछारें कीं ताकि धुआं कुछ कम हो। इसके बाद जब स्थिति थोड़ी नियंत्रण में आई, तो शटर तोड़कर दमकलकर्मी भीतर दाखिल हुए। करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

गोदामों में रखा कीमती सामान हुआ राख

एफएसओ (FSO) राम कुमार राठौर ने बताया, कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही हम मौके पर पहुंचे। आग काफी भीषण थी, इसलिए अतिरिक्त गाड़ियां मंगानी पड़ीं। गोदाम बंद होने के कारण धुएं और गर्मी से काफी दिक्कत आई, लेकिन शटर काटकर हम अंदर पहुंचे और आग बुझाई। हालांकि, इस दौरान गोदाम के भीतर रखा सामान काफी हद तक जल चुका था।

Also Read: ईरान ने ठुकराया अमेरिकी शांति प्रस्ताव, युद्धविराम पर अड़ा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.