इजरायल का दावा, कोमा में हैं ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई, कोम में चल रहा इलाज

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य-पूर्व (मिडल ईस्ट) में जारी भारी तनाव के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। इजरायली मीडिया ने दावा किया है कि मोजतबा खामेनेई इस समय बेहोश हैं और ईरान के पवित्र शहर कोम में एक गंभीर मेडिकल स्थिति से जूझ रहे हैं।

द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और इजरायल की साझा इंटेलिजेंस रिपोर्ट के आधार पर एक डिप्लोमैटिक मेमो तैयार किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि मोजतबा खामेनेई की हालत इतनी नाजुक है कि वह सरकार के किसी भी फैसले में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी संकेत दिए थे कि मोजतबा अमेरिकी और इजरायली सैन्य कार्रवाई में घायल हुए थे और उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है।

पिता की मौत के बाद संभाली थी कमान

गौरतलब है कि 28 फरवरी 2026 को ईरान पर हुए भीषण हमलों में पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई समेत कई शीर्ष नेताओं की मौत हो गई थी। इसके बाद मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता बनाया गया था। यह पहली बार है जब युद्ध शुरू होने के बाद उनकी लोकेशन (कोम शहर) सार्वजनिक हुई है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि उनके पिता अली खामेनेई को कोम में ही दफनाने की तैयारियां चल रही हैं।

दिलचस्प बात यह है कि इस रिपोर्ट के आने से ठीक पहले मोजतबा खामेनेई के सोशल मीडिया अकाउंट (X) से एक बयान जारी हुआ था। इसमें उन्होंने इजरायली हमले में मारे गए IRGC के वरिष्ठ जनरल मजीद खादेमी की शहादत पर शोक व्यक्त किया था। मोजतबा ने लिखा था कि ईरानी नेतृत्व के खिलाफ किए जा रहे अपराध देश की प्रगति को नहीं रोक पाएंगे। हालाँकि, इजरायली खुफिया एजेंसियों का मानना है कि ये बयान और पोस्ट उनकी टीम द्वारा किए जा रहे हैं, जबकि हकीकत में वह बिस्तर पर हैं और देश संभालने की स्थिति में नहीं हैं।

Also Read: पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस, सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.