Lucknow News: लोकभवन के सामने महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, मुस्तैद पुलिस ने बचाई जान

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के अति-सुरक्षित क्षेत्र लोकभवन के बाहर आज दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। गेट नंबर 3 पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए महिला को समय रहते सुरक्षित बचा लिया। शुरुआती जांच में मामला मानकनगर क्षेत्र के एक पुराने जमीनी विवाद और राजस्व विभाग की पैमाइश से असंतोष का निकलकर सामने आया है।

पुलिस की सूझबूझ से टला हादसा

आज दोपहर करीब 12:40 बजे, मानकनगर निवासी संध्या सिंह (पत्नी सुखदेव सिंह) लोकभवन के गेट नंबर 3 पर पहुंचीं। इससे पहले कि वह कोई अनहोनी कर पातीं, मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने स्थिति को भांप लिया और उन्हें हिरासत में लेकर सुरक्षित हजरतगंज थाने पहुंचाया।

क्यों परेशान है पीड़िता?

पूछताछ के दौरान संध्या सिंह ने बताया कि उनका अपने पड़ोसी इकबाल के साथ मानकनगर क्षेत्र में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। महिला का दावा है कि इकबाल ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है, जिसके विरुद्ध वह लंबे समय से कार्रवाई की मांग कर रही हैं। राजस्व विभाग ने 16 फरवरी 2026 को पुलिस की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश की थी, लेकिन संध्या सिंह उस रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं हैं। यह पहली बार नहीं है जब पीड़िता ने ऐसा कदम उठाया है। इससे पहले 27 फरवरी 2026 को भी उन्होंने लोकभवन के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया था।

प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई

हजरतगंज पुलिस के अनुसार, महिला की काउंसलिंग कराई जा रही है। मानकनगर पुलिस पहले से ही इस मामले में राजस्व विभाग के साथ पत्राचार कर विधिक निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रकरण का शीघ्र और न्यायपूर्ण समाधान निकाला जाएगा।

Also Read: मंत्री की करतूतों पर कब चलेगा बुलडोजर? अखिलेश यादव का सीधा सवाल, दान-पेटी से जोड़ा भ्रष्टाचार का तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.