Lucknow News: अलीगंज में मासूम के ऊपर गिरी पुरानी दीवार, मलबे में दबने से तोड़ा दम

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। डंडहिया स्थित पुराने हनुमान मंदिर के पास गुरुवार सुबह एक पुरानी दीवार अचानक ढह गई। इस हादसे की चपेट में आने से एक 3 महीने के मासूम बच्चे की जान चली गई। मृतक बच्चा अपने परिवार के साथ उसी दीवार के सहारे बनी एक कच्ची झोपड़ी में सो रहा था।

सीतापुर के मिसरिख निवासी गजोधर लखनऊ में ऑटो चलाकर अपने परिवार का पेट पालते हैं। वे मंदिर के पास ही एक पुरानी दीवार के सहारे झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब गजोधर का 3 महीने का बेटा रूप लाल झोपड़ी के अंदर सो रहा था, तभी पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। परिवार के बाकी सदस्य उस वक्त झोपड़ी के बाहर थे, लेकिन मासूम मलबे के नीचे दब गया।

डेढ़ घंटे तक चला रेस्क्यू, अस्पताल में थमी सांसें

बच्चे के बाबा मेवालाल ने रोते हुए बताया कि मलबे को हटाने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। बच्चे को मलबे से निकालकर तुरंत भाऊराव देवरस अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे केजीएमयू (KGMU) रेफर कर दिया। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था; इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।

Also Read: ‘इंटरपोल की रडार पर वाराणसी का तस्कर’, शुभम जायसवाल के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.