Bareilly News: इंस्टाग्राम रील पर ‘बैड कमेंट’ करने पर पार्लर कर्मचारी को उतारा मौत के घाट, हत्यारा गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली की कोतवाली पुलिस ने पुरानी रेलवे कॉलोनी में हुई पार्लर कर्मचारी अमन रजा की हत्या की गुत्थी को महज 36 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। इस हत्याकांड का कारण कोई बड़ी दुश्मनी नहीं, बल्कि सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर की गई एक टिप्पणी निकली। पुलिस ने हत्या के आरोप में 19 वर्षीय युवक समद मुसा को गिरफ्तार कर लिया है।

रील और इमोजी ने ले ली जान

पुलिस की पूछताछ में आरोपी समद मुसा ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला है। समद इंस्टाग्राम पर रील बनाता था। मृतक अमन रजा उसकी रील्स पर आपत्तिजनक टिप्पणियां और इमोजी पोस्ट करता था। इस छोटी सी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और समद ने अमन को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

बहाने से बुलाया और ईंटों से कूच दिया सिर

7 अप्रैल को समद ने अमन को मिलने के बहाने सिटी स्टेशन के पास बुलाया। वह अमन को रेलवे लाइन के पास ले गया, जहां कहासुनी के बाद समद ने अमन को पटरी पर पटक दिया और उसकी गर्दन व छाती पर लातों से प्रहार किया।

जब अमन की मृत्यु हो गई, तो समद उसके शव को पास के खंडहर में खींच ले गया और पहचान मिटाने के लिए ईंटों से वार किया। इसके बाद वह शव को ईंटों से छिपाकर फरार हो गया।

36 घंटे में पुलिस की सटीक कार्रवाई

8 अप्रैल को अमन का शव मिलने के बाद परिजनों ने 3 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन निरीक्षक अपराध आदेश कुमार और व.उ.नि. धर्मेंद्र बिश्नोई की टीम ने जब वैज्ञानिक साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स की जांच की, तो नामजद लोगों की संलिप्तता नहीं मिली। जांच की सुई समद मुसा पर टिकी और पुलिस ने उसे जखीरा इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की बरामदगी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर निम्नलिखित सामान बरामद किया है।

आलाकत्ल: खून से सनी ईंट।

मृतक का सामान: अमन रजा का आधार कार्ड।

खून से सने कपड़े: घटना के समय पहने हुए जींस और शर्ट (आरोपी के घर से)।

मोबाइल: वारदात में इस्तेमाल किया गया फोन।

पुलिस टीम की सराहना

सफल अनावरण करने वाली टीम में सब-इंस्पेक्टर शिवम यादव, त्रिवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल परविंदर कुमार और कांस्टेबल सुमित कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत कार्यवाही करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

Also Read: Bareilly News: मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन संपन्न, राजनैतिक दलों को सौंपी गई लिस्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.