SSC Scam: पश्चिम बंगाल में ED का बड़ा एक्शन, पार्थ चटर्जी के घर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की गहमागहमी के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को ED की टीम ने राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के कोलकाता स्थित आवास और उनके करीबी प्रसन्न कुमार रॉय के दफ्तर पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई करोड़ों रुपये के बहुचर्चित एसएससी (SSC) भर्ती घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।

समन की अनदेखी पड़ी भारी

सूत्रों के मुताबिक, ED ने पार्थ चटर्जी को पूछताछ के लिए तीन बार समन जारी किया था, लेकिन उन्होंने एक बार भी जांच अधिकारी के सामने पेश होने की जहमत नहीं उठाई। बार-बार समन की अवहेलना के बाद शनिवार सुबह ED की टीम उनके नाकतला स्थित आवास पर जा पहुंची।

अहम दस्तावेज और उपकरण जब्त

छापेमारी के दौरान ED ने पार्थ चटर्जी से गहन पूछताछ की और उनके घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। इसके साथ ही, न्यूटाउन स्थित प्रसन्न कुमार रॉय के कार्यालय पर भी रेड डाली गई। प्रसन्न कुमार, जिन्हें पार्थ चटर्जी का बेहद करीबी माना जाता है, फिलहाल जेल में बंद हैं। इस घोटाले में उनकी भूमिका की जांच भी अंतिम चरण में है।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा विवाद पश्चिम बंगाल में प्राथमिक शिक्षकों, एसएससी सहायक शिक्षकों और ग्रुप सी-डी कर्मचारियों की अवैध नियुक्तियों से जुड़ा है। पार्थ चटर्जी को पहली बार जुलाई 2022 में गिरफ्तार किया गया था। पिछले साल फरवरी-मार्च 2025 में उन्हें जमानत मिली थी, लेकिन जांच एजेंसी अब नए सबूतों और समन की अनदेखी के आधार पर दोबारा शिकंजा कस रही है।

चुनावों के ठीक पहले इस कार्रवाई ने बंगाल की राजनीति में हलचल मचा दी है। विपक्ष जहाँ इसे भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार बता रहा है, वहीं सत्ताधारी दल इसे केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करार दे रहा है।

Also Read: यूपी चुनाव से पहले सपा में शामिल होंगी चंद्रशेखर की पूर्व गर्लफ्रेंड, बोलीं- दलितों को समझाऊंगी सच्चाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.