Hapur News: धौलाना मार्ग पर ट्रक और बरातियों से भरी बस की भिड़ंत, 6 की मौत, 13 घायल

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रविवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। धौलाना-गुलावठी मार्ग पर बरातियों से भरी एक बस और ट्रक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भयानक दुर्घटना में बस चालक समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में सभी गाजियाबाद के डासना इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के डासना निवासी इकराम कुरैशी के पुत्र की बरात बुलंदशहर के गुलावठी आई थी। निकाह और शादी समारोह के बाद रात करीब 1:30 बजे बराती बस में सवार होकर वापस लौट रहे थे। तभी कपूरपुर धौलाना मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

खाई में पलटे दोनों वाहन, ट्रक के नीचे दबी बस

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सीधे ट्रक के नीचे जा दबी और दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (DM) अभिषेक पांडे और पुलिस अधीक्षक (SP) ज्ञानंजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत और हाईड्रा मशीन की मदद से बस को ट्रक के नीचे से निकालकर घायलों को बाहर निकाला गया।

हादसे के शिकार हुए लोग

सोनू पुत्र जहीर

यूसुफ पुत्र बशीर

अख्तर पुत्र हमीद

यूनुस पुत्र कदीर

मुन्ना पुत्र मेहरबान

अशोक (बस चालक) पुत्र रतिराम

हादसे में घायल 13 लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहाँ 4 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

अलीगढ़ में भी हुआ सड़क हादसा

इसी बीच, अलीगढ़ से भी एक दुर्घटना की खबर सामने आई है। सिविल लाइंस क्षेत्र के सिकंदरपुर नहर के पास रविवार शाम करीब 7 बजे एक कार और ऑटो-रिक्शा की भिड़ंत हो गई। सीओ सर्वम सिंह के अनुसार, इस हादसे में ऑटो चालक और एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने कार को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.