बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसलों को लेकर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर बोला तीखा हमला
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश, आंधी और ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। इस संकट की घड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश का अन्नदाता आज पूरी तरह उपेक्षा का शिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब किसान दाने-दाने को मोहताज है, तब सरकार सिर्फ कागजी घोषणाओं और ‘हवाई सर्वेक्षण’ से काम चला रही है।
खेतों में बिछ गई फसल, पर मदद नदारद
अखिलेश यादव ने प्रदेश के हालात बयां करते हुए कहा कि पूरब से लेकर पश्चिम तक गेहूं, सरसों और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। मैनपुरी, कन्नौज, बाराबंकी, सीतापुर, अयोध्या, मेरठ और पीलीभीत समेत दर्जनों जिलों में कटी रखी फसल भीग गई और खड़ी फसल गिरकर बर्बाद हो गई। सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने बड़े-बड़े वादे तो किए, लेकिन धरातल पर अभी तक किसी किसान के हाथ एक रुपया भी नहीं पहुंचा है।
बीजेपी का चरित्र ही किसान विरोधी
अखिलेश यादव ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी केवल उद्योगपतियों के हित में फैसले लेती है। उन्होंने कहा, एक तरफ खेती की लागत बढ़ रही है और दूसरी ओर मौसम की मार है। बीजेपी सरकार न तो गेहूं की सही खरीद कर रही है और न ही किसानों को उनकी फसल का उचित दाम मिल रहा है। आलू किसानों का हाल तो पहले से ही बुरा है।
मंडियों की बदहाली पर घेरा
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि समाजवादी सरकार के दौरान जो मंडियां किसानों की सुविधा के लिए बनाई जा रही थीं, बीजेपी ने उन्हें बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि मंडियों के काम रोककर सरकार ने किसानों के लिए व्यापार के रास्ते बंद कर दिए हैं।
2027 का चुनावी शंखनाद
अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव ने साफ कर दिया कि किसान अब इस बैर भाव को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बीजेपी की इन नीतियों से परेशान होकर प्रदेश का किसान 2027 में सत्ता परिवर्तन करेगा और समाजवादी पार्टी की सरकार लाएगा।

