21 साल बाद BJP का होगा मुख्यमंत्री! 15 अप्रैल को Bihar में शपथ ग्रहण, PM मोदी की मौजूदगी में सजेगा दरबार
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजनीति में एक नए युग का सूत्रपात होने जा रहा है। 21 वर्षों तक नीतीश कुमार के चेहरे पर निर्भर रहने के बाद, भारतीय जनता पार्टी (BJP) पहली बार अपना मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 को बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना पहुँच रहे हैं।
पटना में युद्धस्तर पर तैयारी, सुरक्षा चाक-चौबंद
राजधानी पटना में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर हलचल तेज हो गई है। सोमवार (13 अप्रैल) को पटना एयरपोर्ट से राजभवन तक के रास्तों पर बैरिकेडिंग और बांस घेराबंदी का काम शुरू कर दिया गया है। खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल (14 अप्रैल) शाम तक पटना पहुंच सकते हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बीजेपी ने पर्यवेक्षक बनाया है, जो कल पटना पहुंचकर अंतिम निर्णय पर मुहर लगाएंगे।
मुख्यमंत्री की रेस में ये 4 नाम सबसे आगे
बिहार की कुर्सी पर कौन बैठेगा, इसे लेकर सस्पेंस बरकरार है, लेकिन 4 चेहरों पर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है।
- सम्राट चौधरी: पिछड़ा वर्ग का बड़ा चेहरा और वर्तमान में पार्टी के सबसे मजबूत दावेदार।
- श्रेयसी सिंह: यदि बीजेपी किसी ‘महिला चेहरे’ पर दांव लगाती है, तो अंतरराष्ट्रीय शूटर और विधायक श्रेयसी सिंह का नाम सबसे ऊपर है।
- विजय सिन्हा: वर्तमान डिप्टी सीएम, जिनके पास सदन और संगठन चलाने का लंबा अनुभव है।
- जनक राम: दलित चेहरे के रूप में जनक राम भी रेस में शामिल हैं।
JDU का रुख: ‘सब कुछ सामान्य है’
इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम पर जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि सब कुछ योजना (Plan) के अनुसार चल रहा है और गठबंधन में कोई समस्या नहीं है। एनडीए पूरी तरह एकजुट है और बिहार के विकास के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण है।
राजनीतिक गलियारों में हलचल
बीजेपी पहली बार बिहार में ‘बड़े भाई’ की भूमिका में मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने जा रही है। 2005 से शुरू हुआ नीतीश कुमार का दौर अब एक नए मोड़ पर है। कल 14 अप्रैल को बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद आधिकारिक नाम पर मुहर लग सकती है।
Also Read: Hapur News: धौलाना मार्ग पर ट्रक और बरातियों से भरी बस की भिड़ंत, 6 की मौत, 13 घायल

