‘राहुल गांधी को हटाने की तैयारी में है कांग्रेस’, देवेंद्र फडणवीस के बयान से बढ़ी सियासी हलचल
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। फडणवीस ने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर अब राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर असंतोष बढ़ रहा है और उन्हें हटाने की भूमिका तैयार की जा रही है। उन्होंने यह बयान रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिया।
‘राहुल गांधी को नहीं मिल रही जीत’
देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह अपनी पार्टी के लिए चुनावी जीत सुनिश्चित करने में लगातार असमर्थ रहे हैं। फडणवीस ने दावा किया कि “कांग्रेस में अब राहुल गांधी को हटाने का माहौल बन रहा है। गांधी केवल अपने अस्तित्व के लिए लड़ रहे हैं और अपने नेतृत्व को लगातार मिल रही हार से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। अपनी पार्टी के भीतर जारी इस संघर्ष से ध्यान हटाने के लिए ही वे भाजपा और आरएसएस के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं।”
राहुल गांधी का पलटवार: ‘संविधान बचाने की है लड़ाई’
वहीं, दूसरी ओर राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला है। 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती से पहले दिल्ली के मंडी हाउस में आयोजित ‘रन फॉर आंबेडकर, रन फॉर कॉन्स्टीट्यूशन’ मैराथन के दौरान राहुल ने आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा की सोच संविधान को खत्म करने की है। वे नहीं चाहते कि भारत में सभी को समान माना जाए। राहुल ने कहा, “वे अंबेडकर जी की प्रतिमा के सामने सिर तो झुकाते हैं, लेकिन उनका असली उद्देश्य संविधान को मिटाना है। हमारा उद्देश्य संविधान की रक्षा करना और उसे मजबूत करना है।”
मोदी-राहुल की दुर्लभ मुलाकात
राजनीतिक बयानों की इस कड़वाहट के बीच शनिवार को एक अलग नजारा भी देखने को मिला। समाज सुधारक ज्योतिराव फुले की स्मृति में आयोजित समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के बीच बातचीत हुई। सार्वजनिक कार्यक्रमों में दोनों नेताओं को शिष्टाचार के अलावा शायद ही कभी आपस में बात करते देखा जाता है, इसलिए इस मुलाकात को खास माना जा रहा है।

