Ambedkar Jayanti: लखनऊ में बसपा का ‘शक्ति प्रदर्शन’, मायावती ने बाबा साहेब को अर्पित की श्रद्धांजलि
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज (14 अप्रैल) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ‘नीले रंग’ में रंगी नजर आ रही है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अपने आवास पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने देशभर के करोड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के नाम एक विशेष संदेश भी जारी किया, जिसमें सामाजिक न्याय के संघर्ष को जारी रखने का आह्वान किया गया है।
राजधानी में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा, गूंजे बाबा साहेब के नारे
डॉ. अंबेडकर की जयंती इस बार केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि बसपा के लिए एक बड़े जनसंपर्क अभियान और शक्ति प्रदर्शन के रूप में उभरी है। राजधानी में एक दिन पहले यानी सोमवार शाम से ही प्रदेश भर से कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया था। आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 25 हजार से अधिक समर्थक और पदाधिकारी लखनऊ पहुंच चुके हैं।
गोमती नगर स्थित ‘डॉ. अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल’ पर सुबह 9:30 बजे से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यहाँ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
सामाजिक न्याय और जागरूकता का अभियान
मायावती ने अपने संदेश में बाबा साहेब के बताए रास्तों पर चलने और बहुजन समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की बात कही। प्रदेश भर में बसपा इसे सामाजिक न्याय और जागरूकता अभियान के रूप में मना रही है, जिसका उद्देश्य आगामी राजनीतिक चुनौतियों के बीच अपने कैडर को फिर से ऊर्जावान बनाना है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ को देखते हुए परिवर्तन स्थल और उसके आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है और कार्यकर्ताओं के आने-जाने के लिए विशेष रूट डायवर्जन भी किया गया है।

