दिल्ली के रोहिणी की झुग्गियों में आग से एक ही परिवार के 3 लोग जिंदा जले
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके स्थित बुद्ध विहार में बुधवार तड़के आग लगने से एक परिवार उजड़ गया। यहां झुग्गियों में लगी अचानक आग के कारण एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी महज दो साल की बेटी शामिल है। आग इतनी तेजी से फैली कि कबाड़ बीनने वाले इस परिवार को संभलने और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, आग लगने की सूचना रात करीब 1:25 बजे मिली थी। दमकल की 6 गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं, लेकिन झुग्गी बस्ती की बेहद संकरी गलियों और घने इलाके के कारण दमकल कर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। जिस प्लॉट में आग लगी, वह लगभग 400 वर्ग गज का था और वहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील प्लास्टिक कबाड़ जमा था। इसी के आसपास 5-6 परिवार झुग्गियां बनाकर रहते थे।
जिंदा जल गया परिवार
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी झुग्गी बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घर का सारा सामान (बेड, कूलर, फ्रिज आदि) जलकर राख हो गया। मृतकों की पहचान मुसीबुर (25), उसकी पत्नी मुरार (23) और बेटी मोइमोना (2) के रूप में हुई है।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि आग संभवतः कबाड़ में लगी, लेकिन सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
साजिश का एंगल: मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह आग जानबूझकर लगाई गई हो सकती है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है ताकि हादसे की असलियत सामने आ सके।
Also Read: मायावती ने की महिलाओं के लिए 50% आरक्षण की मांग, एससी-एसटी और ओबीसी वर्ग के लिए अलग कोटे पर अड़ीं

