लखनऊ के विकासनगर अग्निकांड में 250 झोपड़ियां जलकर राख, मलबे से मिली दो मासूम सगी बहनों की लाशें

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का विकासनगर इलाका बुधवार शाम भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को तबाह कर दिया है। सेक्टर-11 स्थित रिंग रोड से सटी झुग्गी बस्ती में लगी अचानक आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसमें करीब 250 से ज्यादा झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। इस हादसे में बाराबंकी निवासी एक व्यक्ति की दो मासूम बेटियों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत एक छोटी सी चिंगारी से हुई थी, लेकिन तेज हवाओं और झोपड़ियों के सघन होने के कारण इसने कुछ ही मिनटों में सेक्टर-11 से लेकर सेक्टर-14 तक तबाही मचा दी। आग इतनी भीषण थी कि बस्ती में रखे गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।

लखनऊ के विकासनगर अग्निकांड में 250 झोपड़ियां जलकर राख, मलबे से मिली दो मासूम सगी बहनों की लाशें

राहत कार्य में मिलीं दो मासूमों की लाशें

करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। देर रात जब पुलिस और राहत दल ने मलबे की तलाशी ली, तो दो सगी बहनों के जले हुए शव बरामद हुए।

मृतक: 2 महीने की मासूम और 2 वर्षीय श्रुति।

पिता का नाम: सतीश, निवासी ग्राम काशीपुरवा, बाराबंकी।

पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने शवों की बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कई लोग लापता और घायल

स्थानीय लोगों का दावा है कि बस्ती के कुछ लोग अब भी लापता हैं, जबकि कई लोग आग की लपटों में झुलस गए हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रशासन नुकसान का आकलन करने और प्रभावितों को राहत पहुंचाने में जुटा है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.