लखनऊ के बाद गाजियाबाद में आग से हाहाकार, कनवानी में 500 झुग्गियां जलकर हुई खाक
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के टेढ़ी पुलिया अग्निकांड के बाद अब गाजियाबाद से बड़े हादसे की खबर आ रही है। जहां गुरुवार दोपहर भीषण आग की चपेट में आने से 500 झुग्गियां जलकर खाक हो गई। जिसके चलते सैकड़ों परिवार सड़क पर आ गए। आसमान में उठती आग की विकराल लपटों और धुएं के गुबार को कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था।
धमाकों से गूंजा आसमान, दहशत में लोग
दोपहर करीब 12 बजे लगी इस आग ने चंद मिनटों में ही भयावह रूप ले लिया। झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलिंडर आग की चपेट में आते ही एक-एक कर फटने लगे। सिलिंडर ब्लास्ट के जोरदार धमाकों से पूरा क्षेत्र दहल उठा। लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुँचीं। आग इतनी बड़े क्षेत्र में फैली थी कि उस पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
उजड़ गया सैकड़ों परिवारों का आशियाना
इस अग्निकांड ने गरीब तबके के सैकड़ों परिवारों को खुले आसमान के नीचे लाकर खड़ा कर दिया है। मेहनत-मजदूरी कर जुटाया गया घर का सारा सामान, जमापूंजी और राशन सब कुछ जलकर कोयला हो गया। स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन के साथ मिलकर आग बुझाने और लोगों को बचाने में मदद की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे सब बेबस नजर आए।
जांच में जुटा प्रशासन
आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने की वजहों की विस्तृत जांच कर रही हैं। फिलहाल प्राथमिकता राहत और बचाव कार्य पर है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है ताकि प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान की जा सके।
Also Read: लखनऊ के विकासनगर अग्निकांड में 250 झोपड़ियां जलकर राख, मलबे से मिली दो मासूम सगी बहनों की लाशें

