ट्रंप की पीएम मोदी से फोन पर बातचीत, इजरायल-लेबनान सीजफायर पर हुई चर्चा
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य पूर्व के ताजा हालातों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर उच्च स्तरीय बातचीत हुई है। इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने वैश्विक सुरक्षा और मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) के हालातों पर चर्चा की। राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और दोनों के बीच बातचीत काफी सकारात्मक रही।
राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि पीएम मोदी ने इजरायल और लेबनान के बीच सीजफायर (युद्धविराम) की कोशिशों को लेकर खुशी और उम्मीद जताई है। ट्रंप ने कहा, मेरी उनसे (मोदी) बहुत अच्छी बात हुई। वह एक शानदार नेता हैं और बेहतरीन काम कर रहे हैं।
सालों बाद पाकिस्तान जा सकते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति
ट्रंप ने एक चौंकाने वाला संकेत देते हुए कहा कि वह पाकिस्तान का दौरा कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ईरान के साथ चल रही डिप्लोमैटिक बातचीत किसी नतीजे पर पहुँचती है और इस्लामाबाद में डील साइन होती है, तो वह वहां जरूर जाएंगे। ट्रंप ने कहा, पाकिस्तान के लोग मुझे चाहते हैं। अगर वहां डील फाइनल होती है, तो मैं जाऊंगा। गौरतलब है कि सुरक्षा कारणों से लंबे समय से किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने पाकिस्तान की यात्रा नहीं की है।
मिडिल ईस्ट में शांति की नई उम्मीद
डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और लेबनान के बीच तनाव कम करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से जानकारी दी। ट्रंप ने कहा कि इजरायल और लेबनान के बीच एक शांति पैकेज तैयार हो रहा है, जिसमें हिजबुल्लाह भी शामिल हो सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि 44 साल में पहली बार इजरायल और लेबनान के नेतृत्व के बीच सीधी मुलाकात हो सकती है, जो व्हाइट हाउस में आयोजित की जा सकती है। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने इजरायली पीएम नेतन्याहू और लेबनान की लीडरशिप से बात की है और अगले एक-दो हफ्ते में बड़ी प्रगति की उम्मीद है।
Also Read: IPL 2026 Points Table Update: टॉप-3 में कांटे की लड़ाई, नीचे की टीमों में मची हड़कंप

