एक महीने पहले लिया संन्यास, अब बने हेड कोच, पाकिस्तान ने किया बड़ा ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश के खिलाफ मई में होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए नए कोचिंग स्टाफ का ऐलान कर दिया है।

पूर्व कप्तान सरफराज अहमद को पाकिस्तान टेस्ट टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है। सरफराज ने पिछले महीने ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। टीम की कप्तानी शान मसूद के पास ही रहेगी।

PCB ने पूर्व टेस्ट बल्लेबाज असद शफीक को बैटिंग कोच और पूर्व तेज गेंदबाज उमर गुल को बोलिंग कोच की जिम्मेदारी सौंपी है।

सरफराज 2017 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली पाकिस्तानी टीम के कप्तान रहे हैं और हाल में पाकिस्तान शाहीन टीम के मेंटर/मैनेजर के तौर पर इंग्लैंड लायंस के खिलाफ काम कर चुके हैं।

Sarfaraz Ahmed

चार नए चेहरों को मौका

बांग्लादेश सीरीज के लिए पाकिस्तान ने 16 सदस्यीय टेस्ट स्क्वॉड चुना है, जिसमें चार नए खिलाड़ी—अब्दुल्लाह फजल, अमद बट, अजान अवैस और गाजी गोरी—शामिल हैं।

गाजी गोरी को छोड़कर बाकी तीन अनकैप्ड हैं। टीम 27 अप्रैल से 1 मई तक कराची में कैंप करेगी। PSL फाइनल के बाद खिलाड़ी टीम से जुड़ेंगे और 2 मई को बांग्लादेश के लिए रवाना होंगे। टेस्ट मुकाबले ढाका (8–12 मई) और सिलहट (16–20 मई) में खेले जाएंगे।

बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तानी टीम

शान मसूद (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अमद बट, अजान अवैस, बाबर आज़म, हसन अली, इमाम-उल-हक, खुर्रम शहज़ाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद रिज़वान (विकेटकीपर), मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), नोमान अली, साजिद खान, सलमान अली आगा, सऊद शकील और शाहीन शाह अफरीदी।

Also Read: हालत नाजुक… जिंदगी की जंग लड़ रहा ये स्टार क्रिकेटर, ICU में भर्ती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.