अजीत अगरकर की हुई चांदी, तीन ICC ट्रॉफी जीतने पर BCCI देगी बड़ा इनाम, रिपोर्ट में खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से बड़ा तोहफा मिलने वाला है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगरकर के मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट में विस्तार किया जा सकता है। उनके कार्यकाल में टीम इंडिया की शानदार उपलब्धियों को देखते हुए बोर्ड उन्हें इनाम देने की तैयारी में है।

अगरकर का वर्तमान अनुबंध जून 2026 में समाप्त हो रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई उनके कॉन्ट्रैक्ट को एक साल के लिए बढ़ाने पर विचार कर रहा है, जिससे यह जून 2027 तक लागू रहेगा।

हालांकि, इस संबंध में बोर्ड की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

अगरकर के कार्यकाल में टीम इंडिया की बड़ी उपलब्धियां

अजीत अगरकर के चीफ सेलेक्टर बनने के बाद टीम इंडिया ने तीन ICC ट्रॉफी अपने नाम की हैं। भारत ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीता।

इसके अलावा, टीम ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल भी खेला था, जो उनके चयन फैसलों की मजबूती को दर्शाता है।

रिपोर्ट में एक बीसीसीआई अधिकारी के हवाले से कहा गया है,

“अगरकर के कार्यकाल में टीम का ट्रांजिशन बेहद सुचारू रहा। उन्होंने चयन में साहसिक फैसले लेने से कभी पीछे नहीं हटे। बोर्ड का मानना है कि उन्हें अपनी भूमिका जारी रखनी चाहिए।”

बताया गया है कि आईपीएल के दौरान बीसीसीआई पदाधिकारी अगरकर से इस मसले पर बातचीत कर सकते हैं।

अजीत अगरकर का अंतरराष्ट्रीय करियर

अगरकर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर भी काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने भारत के लिए 26 टेस्ट, 191 वनडे और 4 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले।

  • टेस्ट: 46 पारियों में 58 विकेट (सर्वश्रेष्ठ 8/160), 571 रन, 1 शतक
  • वनडे: 188 पारियों में 288 विकेट (सर्वश्रेष्ठ 6/42), 1269 रन, 3 अर्धशतक
  • टी20 इंटरनेशनल: 3 विकेट, 15 रन

अब सबकी नजरें बीसीसीआई के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं, जिससे यह साफ होगा कि अजीत अगरकर को उनके सफल कार्यकाल का यह इनाम कब और कैसे मिलता है।

Also Read: ‘मुझे और मेरे परिवार को गालियां दी गईं’, नीरज चोपड़ा ने कोच पर लगाए गंभीर आरोप, सरकार से की शिकायत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.