‘मुझे और मेरे परिवार को गालियां दी गईं’, नीरज चोपड़ा ने कोच पर लगाए गंभीर आरोप, सरकार से की शिकायत
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय एथलेटिक्स में जैवलिन थ्रो को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले दिग्गज खिलाड़ियों ने एक भारतीय कोच पर गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।
ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा और पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट सुमित अंतिल सहित कई शीर्ष जैवलिन थ्रोअर्स ने कोच नवल सिंह पर मानसिक प्रताड़ना, शराब के नशे में गाली-गलौज और अभद्र भाषा के इस्तेमाल के आरोप लगाए हैं।
खिलाड़ियों ने इस मामले की लिखित शिकायत सरकार और Sports Authority of India (SAI) से की है।
रिपोर्ट के अनुसार, खिलाड़ियों की ओर से दी गई शिकायत में आरोप है कि कोच नवल सिंह शराब के नशे में खिलाड़ियों को गाली-गलौज की ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजते थे।
इन रिकॉर्डिंग्स में न सिर्फ खिलाड़ियों बल्कि उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ भी आपत्तिजनक और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया गया।

मुख्य शिकायतकर्ता सुमित अंतिल
इस पूरे मामले में मुख्य शिकायतकर्ता सुमित अंतिल हैं। उन्होंने पहले भी SAI और पैरालंपिक कमेटी के समक्ष यह मुद्दा उठाया था, लेकिन स्थिति में सुधार न होने के बाद 10 अप्रैल को औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सुमित ने शिकायत में कहा कि वह विवाद से दूर रहना चाहते थे, लेकिन बार-बार हो रही घटनाओं को अनदेखा करना उनके लिए संभव नहीं रहा।
फिलहाल, आरोपी कोच उभरते जैवलिन खिलाड़ी सचिन यादव को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
नीरज चोपड़ा ने मांगी सख्त कार्रवाई
नीरज चोपड़ा ने सुमित अंतिल की शिकायत का समर्थन करते हुए कोच के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नीरज ने अपनी शिकायत में लिखा कि कोच द्वारा की गई बयानबाजी और गाली-गलौज न केवल अनुचित है, बल्कि पूरी तरह शर्मनाक भी है।
उन्होंने कहा कि उनके, उनके परिवार और साथी खिलाड़ियों के लिए इस्तेमाल की गई भाषा पूरी तरह गैर-पेशेवर और खेल की गरिमा के खिलाफ है।
प्रशासनिक प्रतिक्रिया का इंतजार
मामला सामने आने के बाद भारतीय खेल जगत में हड़कंप मच गया है। हालांकि, अब तक SAI या संबंधित खेल निकाय की ओर से किसी औपचारिक कार्रवाई की घोषणा नहीं की गई है।
खिलाड़ियों की शिकायत पर आगे क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Also Read: एक महीने पहले लिया संन्यास, अब बने हेड कोच, पाकिस्तान ने किया बड़ा ऐलान

