PM मोदी के काशी दौरे से पहले कांग्रेस का ‘पोस्टर वॉर’, अजय राय बोले- पहले जसोदा बेन को दें सम्मान

Sandesh Wahak Digital Desk: 28 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित काशी दौरे से पहले यूपी की सियासत गरमा गई है। यूपी कांग्रेस कमेटी ने पीएम मोदी के काशी आगमन से पहले पोस्टर वॉर शुरू कर दिया है। बुधवार को लहुराबीर स्थित अपने कैंप कार्यालय में अजय राय अपनी पत्नी रीना राय के साथ मीडिया के सामने आए। उन्होंने एक पोस्टर जारी कर सीधे प्रधानमंत्री के व्यक्तिगत जीवन पर तंज कसा।

रीना राय की सीधी चुनौती

अजय राय की पत्नी रीना राय ने इस बार मोर्चे की कमान संभालते हुए बेहद तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री जब काशी आएं, तो अपनी पत्नी जसोदा बेन के साथ आएं। वे उनके साथ बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करें, तभी सही अर्थों में नारी सम्मान समझा जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि अगर ऐसा नहीं होता, तो भाजपा को ‘नारी वंदन’ के नाम पर ढोंग बंद कर देना चाहिए।

नारी सम्मान की बात करने वाले खुद क्या करते हैं? – अजय राय

अजय राय ने भाजपा के ‘नारी वंदन’ अभियान को घेरते हुए कहा कि जो लोग महिलाओं के सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, उन्हें सबसे पहले अपने घर से शुरुआत करनी चाहिए। अजय राय ने अपनी पत्नी के साथ बैठकर संदेश दिया कि असली सम्मान कंधे से कंधा मिलाकर चलने में है। राय ने कहा कि देश ने देखा है कि संसद से लेकर सड़कों तक भाजपा सरकार में महिलाओं का कितना सम्मान हो रहा है। उन्होंने मुंबई की हालिया घटनाओं का जिक्र कर मंत्रियों के खिलाफ महिलाओं के विरोध को ढोंग की निशानी बताया।

काशी के राजनीतिक गलियारों में खलबली

प्रधानमंत्री के आगमन से ठीक पहले इस तरह के व्यक्तिगत हमले और पोस्टर जारी होने से बनारस की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के इस आक्रामक रुख ने भाजपा को बैकफुट पर लाने की कोशिश की है, वहीं स्थानीय भाजपा नेताओं की ओर से भी अब पलटवार की तैयारी शुरू हो गई है।

Also Read: गाजीपुर में सपा के प्रतिनिधिमंडल पर पथराव, पूर्व मंत्री समेत कई घायल, भारी तनाव के बीच पीएसी तैनात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.