Raebareli News: गंगा में स्नान के दौरान डूबे चार दोस्त, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत
Raebareli News: उत्तर प्रदेश के सरेनी थाना क्षेत्र के निसगर गंगा घाट पर गुरुवार दोपहर नहाते वक्त चार युवक गहरे पानी की चपेट में आ गए। इस हृदयविदारक घटना में दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रानीखेड़ा गाँव के रहने वाले हरिओम (20), उनका छोटा भाई हरिशंकर (15), सत्येन्द्र (25) और हिमांशु (20) दोपहर करीब 11:30 बजे गंगा स्नान के लिए निसगर घाट पहुँचे थे। नहाते समय किशोर हरिशंकर अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीनों साथी भी एक-एक कर गहरे भंवर में फंस गए और डूब गए।
गोताखोरों ने निकाला बाहर
घाट पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से नाजुक हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद हरिओम, हरिशंकर और सत्येन्द्र को मृत घोषित कर दिया। हिमांशु का उपचार अभी जारी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा। लालगंज सर्किल के सीओ अमित सिंह ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक ही गाँव के तीन होनहार युवकों की मौत से रानीखेड़ा गाँव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Also Read: बंगाल में हिंसा के बीच वोटिंग जारी, BJP उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल के काफिले पर पथराव

