Gonda News: साले की शादी में जा रहे दंपती और बेटे की सड़क हादसे में मौत, बेकाबू टैंकर ने परिवार को उजाड़ा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नवाबगंज-कटरा मार्ग पर रविवार की दोपहर एक अनियंत्रित दुग्ध टैंकर ने बाइक सवार परिवार को ऐसी टक्कर मारी कि पूरा परिवार ही खत्म हो गया। इस भीषण हादसे में पति-पत्नी और उनके 15 वर्षीय बेटे की दर्दनाक मौत हो गई।

सड़क पर उछलकर गिरे मासूम और मां-बाप

मिली जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र स्थित गंगापुर निवासी मान सिंह (42), अपनी पत्नी उर्मिला (40) और बेटे लवकुश (15) के साथ बहराइच जा रहे थे। बाइक सवार यह परिवार कनकपुर गांव के पास पहुंचा ही था कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। उर्मिला और लवकुश टैंकर के पहिए के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्होंने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

साले की शादी में शामिल होने जा रहा था परिवार

मृतक मान सिंह बहराइच के ग्यारह सौरेती गांव में अपने साले की शादी में शामिल होने जा रहे थे। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिजनों को उनके आने का इंतजार था, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें अपना ग्रास बना लिया। इस घटना के बाद मृतक के गांव और ससुराल दोनों जगह कोहराम मच गया है।

चालक फरार, पुलिस ने टैंकर को लिया कब्जे में

हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि, “हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान गई है। टैंकर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।”

Also Read: ‘छह बार का सांसद हूं और भाजपा में हूं’, सपा में जाने की अटकलों पर क्या बोले बृजभूषण सिंह?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.