‘स्मार्ट मीटर नहीं ये स्मार्ट चीटर है!’ AAP ने बिजली घर पर किया प्रदर्शन, 16 मई से संजय सिंह भरेंगे हुंकार
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को मेरठ के बच्चा पार्क स्थित अपार चेंबर में आयोजित बैठक में पार्टी ने आगामी 16 मई से शुरू होने वाली पांच दिवसीय पदयात्रा की रणनीति तैयार की। इसके साथ ही, बिजली घर पर स्मार्ट मीटर के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन कर सरकार को चेतावनी दी।
संजय सिंह करेंगे पदयात्रा का नेतृत्व
पार्टी के पश्चिमी प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका और जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने संयुक्त रूप से बताया कि ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा का नेतृत्व राज्यसभा सांसद संजय सिंह करेंगे। यह यात्रा 16 मई को मेरठ में एक विशाल जनसभा के साथ शुरू होगी और 20 मई को गाजियाबाद में समाप्त होगी। इस यात्रा के जरिए पार्टी युवाओं, किसानों, दलितों और अल्पसंख्यकों के मुद्दों को सड़क पर उठाएगी।
बैठक के बाद कार्यकर्ता बच्चा पार्क स्थित बिजली घर पहुंचे और स्मार्ट मीटर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर को ‘स्मार्ट चीटर’ का नाम देते हुए आरोप लगाया कि यह मीटर जनता की जेब पर डाका डाल रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि जिन घरों में पहले करीब 1500 रुपये बिजली बिल आता था, स्मार्ट मीटर लगने के बाद वह सीधे 6000 से 7000 रुपये तक पहुंच गया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गलत रीडिंग, तकनीकी खामियों और प्रीपेड व्यवस्था के नाम पर उपभोक्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या से हाहाकार
आप नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की कमी के कारण स्मार्ट मीटर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। पार्टी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि स्मार्ट मीटर की समस्याओं का तुरंत समाधान नहीं हुआ और बिलों में सुधार नहीं किया गया, तो यह विरोध प्रदर्शन पूरे प्रदेश में एक बड़े आंदोलन का रूप लेगा।
Also Read: Lucknow News: ‘स्मार्ट मीटर’ पर आम आदमी पार्टी का हल्लाबोल, AAP नेताओं को पुलिस ने सड़क पर घसीटा

