Lucknow News: ‘स्मार्ट मीटर’ पर आम आदमी पार्टी का हल्लाबोल, AAP नेताओं को पुलिस ने सड़क पर घसीटा

शक्ति भवन से विधानसभा कूच कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका, तीखी नोकझोंक और खींचतान के बीच इको गार्डन भेजे गए नेता

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज बिजली के स्मार्ट मीटरों के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने आर-पार की जंग छेड़ दी। स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता की जेब काटने का आरोप लगाते हुए आप कार्यकर्ताओं ने शक्ति भवन पर जोरदार प्रदर्शन किया। हालांकि, जब कार्यकर्ता विधानसभा की ओर बढ़े, तो पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक रोक लिया, जिसके बाद राजधानी की सड़कों पर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं जिला अध्यक्ष इरम ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “स्मार्ट मीटर जनता को स्मार्ट तरीके से लूटने का एक षड्यंत्र है। जबरदस्ती घरों में मीटर थोपे जा रहे हैं, जो हमें कतई स्वीकार नहीं है। जब तक यह लूट बंद नहीं होगी, आम आदमी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।” कार्यकर्ताओं के हाथों में पोस्टर और तख्तियां थीं, जिन पर “बिजली लूट बंद करो” जैसे नारे लिखे थे।

पगड़ी के अपमान का गंभीर आरोप, पुलिस पर भड़के नेता

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच श्रीराम टावर के पास तीखी झड़प हुई। आप के ऑटो विंग प्रदेश अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह ने पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “पुलिस ने हमें सड़क पर घसीटा और इस दौरान मेरी पगड़ी को नोच कर खोल दिया गया। पगड़ी हमारा सम्मान और धार्मिक पहचान है, पुलिस ने इसे उतारकर हमारे धर्म का अपमान किया है।” प्रतिपाल सिंह ने आरोप लगाया कि रिचार्ज होने के बावजूद मीटर बंद हो रहे हैं और बिल 5 गुना ज्यादा आ रहे हैं।

महंगाई और बिजली बिल से त्रस्त जनता

प्रदर्शन में शामिल दिनेश ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें केवल उद्योगपतियों के लिए काम कर रही हैं। बिजली जैसी मूल आवश्यकता को मुनाफे का सौदा बना दिया गया है। स्मार्ट मीटर की वजह से जनता में हाहाकार मचा हुआ है और बिलों में बेतहाशा बढ़ोतरी देखी जा रही है।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए घेराबंदी की थी। जब कार्यकर्ता नहीं माने, तो पुलिस उन्हें जबरन उठाकर और घसीटकर गाड़ियों में बैठाती नजर आई। हिरासत में लिए गए सभी कार्यकर्ताओं को ईको गार्डन भेज दिया गया है। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Also Read: ‘आप भी आमंत्रित हैं’, कुमार विश्वास की राम कथा के पोस्टरों ने बढ़ाई दिल्ली की सियासी तपिश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.