बरेली में बच्चा चोरी की कोशिश से हड़कंप, 3 साल के मासूम को उठा ले जा रही थी संदिग्ध महिला को भीड़ ने दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद अंतर्गत तहसील आंवला के नगर पंचायत सिरौली में बुधवार सुबह बच्चा चोरी की एक सनसनीखेज कोशिश ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। मोहल्ला कौआ टोला में अपने घर के सामने खेल रहे तीन वर्षीय मासूम बच्चे को एक संदिग्ध महिला गोद में उठाकर भागने लगी, जिसे स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर पीछा कर दबोच लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला कौआ टोला निवासी शाहिद खां का 3 वर्षीय पुत्र उजेफ बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक अनजान महिला वहां आकर बैठ गई। कुछ देर बाद जब उसे मौका मिला, तो उसने मासूम उजेफ को गोद में उठाया और तेजी से भागने लगी।
बच्चों के शोर मचाने पर पकड़ी गई आरोपी
उजेफ के साथ खेल रहे अन्य बच्चों ने जैसे ही महिला को उसे ले जाते देखा, उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर एकत्र हो गए और भाग रही महिला को घेराबंदी कर पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
पुलिस हिरासत में महिला, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिरौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को अपनी हिरासत में ले लिया। सिरौली थानाध्यक्ष विनोद सिंह ने बताया कि महिला से थाने में पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है और जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
दिनदहाड़े बच्चा चोरी के इस प्रयास के बाद सिरौली नगर में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संदिग्धों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए और आरोपी महिला के नेटवर्क की भी जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Also Read: Ballia News: मैजिक पलटने के बाद ट्रक ने 8 को कुचला, लखनऊ के 4 कलाकारों की दर्दनाक मौत

