Jaunpur News: पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान मुझे बम से उड़ाने की साजिश हुई- रवि किशन
Sandesh Wahak Digital Desk: गोरखपुर से सांसद और अभिनेता रवि किशन ने पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान कथित बम हमले की साजिश को लेकर बड़ा बयान दिया है।
वह जौनपुर में Asshpra जेम्स & ज्वैल्स के शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया।
रवि किशन ने बताया कि पश्चिम बंगाल में चुनावी रोड शो और जनसभा के दौरान उन्हें बम से उड़ाने की साजिश रची गई थी।
उन्होंने दावा किया कि बम लेकर कुछ अराजक तत्व उनकी जनसभा में घुसने की कोशिश कर रहे थे, जिसे सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से समय रहते नाकाम कर दिया गया।
सांसद के मुताबिक, इस पूरी घटना को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के पास ठोस इनपुट थे, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और भय का कोई स्थान नहीं है और ऐसी घटनाएं चुनावी माहौल को खराब करने की साजिश का हिस्सा हैं। रवि किशन ने सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए उनका आभार भी जताया।

इस दौरान रवि किशन ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी पीए की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
सांसद ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राजनीतिक हार को लेकर बौखलाई हुई हैं और सत्ता बचाने के लिए हिंसा का सहारा लिया जा रहा है।
रवि किशन ने कहा कि जनता सब देख रही है और लोकतंत्र में जवाब हिंसा नहीं, बल्कि वोट से दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि सच्चाई की जीत होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां पश्चिम बंगाल में चुनावी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने में जुटी हैं, जबकि इस कथित साजिश को लेकर जांच एजेंसियां मामले की पड़ताल कर रही हैं।
रिपोर्ट- दीपक सिंह
Also Read: भर्ती में न सिफारिश, न भ्रष्टाचार, सिर्फ योग्यता का सम्मान: सीएम योगी

