VCK के समर्थन से बहुमत में आया TVK, विजय थलपति का CM बनना तय
Sandesh Wahak Digital Desk: तमिलनाडु की राजनीति में शनिवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जिसने अभिनेता से राजनेता बने विजय थलपति के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ कर दिया है। विदुथलाई चिरुथिगल कात्ची (VCK) ने शनिवार शाम अपनी अहम बैठक के बाद आधिकारिक तौर पर विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) को समर्थन देने का ऐलान कर दिया। इस समर्थन के साथ ही विजय के गठबंधन का आंकड़ा 118 पहुँच गया है, जो बहुमत के लिए आवश्यक जादुई आंकड़े से अधिक है।
विधानसभा चुनाव में टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी। विजय ने सरकार बनाने की कवायद शुरू की, जिसमें उन्हें सबसे पहले कांग्रेस के 5 विधायकों का साथ मिला। इसके बाद वामपंथी दलों (CPI और CPIM) के 4 विधायकों ने भी अपना समर्थन टीवीके को दे दिया, जिससे आंकड़ा 116 तक पहुँचा। शनिवार को VCK के 2 विधायकों के जुड़ जाने से अब विजय के पास कुल 118 विधायकों का मजबूत समर्थन है।
गठबंधन में उथल-पुथल और राज्यपाल की डेडलाइन
राज्यपाल ने विजय को बहुमत साबित करने के लिए 10 मई तक का समय दिया था। इससे पहले आईयूएमएल (IUML) के बार-बार बदलते रुख और डीएमके गठबंधन में मची खींचतान ने राज्य में अनिश्चितता पैदा कर दी थी। हालांकि, अब वीसीके के ‘बिना शर्त’ समर्थन ने तस्वीर साफ कर दी है। टीवीके नेता अर्जुन ने कांग्रेस, वामपंथी दलों और वीसीके प्रमुख थिरुमावलवन का आभार जताते हुए कहा कि विजय अब तमिलनाडु की कमान संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
निवर्तमान मुख्यमंत्री का रुख
इस बीच, निवर्तमान मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वे मौजूदा संकट को टालने के लिए सहयोगियों के इस फैसले का स्वागत करते हैं, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वे नीतिगत आधार पर अपने धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन को बनाए रखेंगे। दिलचस्प बात यह रही कि कांग्रेस ने डीएमके से दूरी बनाते हुए अपना अलग रास्ता चुन लिया है।

